चंद्रजीत सिंह भी दूसरी बार बने उप सभापति 

झांसी। 23 जून को अटल सभागार में झांसी जिला सहकारी बैंक के चुनाव में जयदेव पुरोहित को दूसरी बार सभापति के पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

नगर मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में संपन्न हुए इस चुनाव में श्री पुरोहित के विरोध में कोई दूसरा प्रत्याशी मैदान में नहीं था। यह दूसरी बार है जब उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया है। इसी तरह उप सभापति के रूप में चंद्रजीत सिंह को भी दूसरी बार चुना गया। चुनाव में 13 निदेशकों की सर्वसम्मति से सभापति व उपसभापति को निर्वाचित किया गया।

जीत के बाद श्री पुरोहित ने उन पर पुनः विश्वास जताने के लिए भाजपा का धन्यवाद देते हुए कहा कि पं दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद को पूरी तरह से प्रदर्शित करने का प्रयास करते हुए अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा। सहकारिता की आत्मा को जन जन तक पहुंचाने के साथ मानकों के अनुसार कार्य किया जाएगा। उन्होंने पिछले कार्यकाल में एक इमारत का निर्माण न करा पाने पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस बार इसका निर्माण जल्द ही कराया जायेगा।

इस अवसर पर उपस्थित सांसद अनुराग शर्मा, बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा, महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन गौतम, पूर्व महापौर रामतीर्थ सिंघल, पूर्व जिला अध्यक्ष अरिदमन सिंह, पूर्व निदेशक जितेंद्र दीक्षित, आशीष उपाध्याय, अशोक सिंह राजपूत आदि ने श्री पुरोहित व चंद्रजीत सिंह को बधाई दी।