झांसी/बबीना। जिले के बबीना छाबनी की यूनिट तीन में तैनात नायक दीप सिंह ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह उनका शव सैन्य क्षेत्र स्थित घोड़ाफार्म के भीतर फंदे से लटका मिला। फंदे से उन्हें उतार कर सबसे पहले सेना अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर सैन्य अफसर भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।

बबीना पुलिस को भी बुला लिया गया। पुलिस अफसरों के मुताबिक दीप सिंह मानसिक बीमारी से जूझ रहे थे। उनका इलाज चल रहा था। इस वजह से वह डिप्रेशन में थे। आशंका जताई जा रही है कि बीमारी से परेशान होकर ही उन्होंने आत्महत्या की।
मूल रूप से आगरा के दिनपुरा इलाका निवासी लगभग 34 वर्षीय दीप सिंह यूनिट तीन में तैनात थे। सेहत ठीक न होने से उनकी फील्ड में तैनाती नहीं की गई। गुरुवार शाम रोजाना की तरह वह अपनी बैरक में थे। शुक्रवार सुबह करीब 7.45 मिनट पर उनके साथी घोड़ा फार्म पहुंचे तो यहां अंदर की ओर दीप सिंह फांसी के फंदे पर लटके दिखाई पड़े। यह देख यूनिट मेंं अफरातफरी मच गई। उन्हें फंदे से उतार कर सैन्य अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर अस्पताल में पुलिस भी पहुंच गई। पत्नी सरिता को भी सूचना दी गई। शाम को परिवार के लोग भी यहां पहुंच गए।

पुलिस के अनुसार दीप सिंह की मानसिक हालत ठीक नहीं होने से वह डिप्रेशन में था। उनके कमरे से इलाज के पर्चे मिले हैं। इस वजह से उनके आत्महत्या करने की आशंका जताई जा रही है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव सेना के हवाले कर दिया गया। परिजनों की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है।