झांसी। जिले के थाना प्रेमनगर क्षेत्र में करीबी रिश्तेदार प्रेमिका के चक्कर में पति ने अपनी ही 38 वर्षीय पत्नी की चाकू से गोदकर नृशंस हत्या कर दी और रफूचक्कर हो गया।

ललितपुर में रेलवे ठेकेदार के यहां काम करने वाला संजीव रायकवार झांसी में थाना प्रेमनगर क्षेत्र अंतर्गत बिजौली में अपनी 38 वर्षीय पत्नी रेखा व पांच बच्चों के साथ रहता है। रेखा का मायका बरुआसागर में है। संजीव का करीबी रिश्तेदार महिला से आशनाई को लेकर पत्नी से आए दिन लड़ाई होती रहती थी, किंतु संजीव मानने को तैयार नहीं था। इसके चलते रेखा जब अपने मायके में रहती तो प्रेमनगर क्षेत्र की रहने वाली प्रेमिका का रेखा की गैर मौजूदगी में संजीव के घर आना जाना रहता था।

घटना शुक्रवार दिन की है। वारदात से पहले संजीव ने चाकू से मुर्गा काटा उसे बनाकर पत्नी रेखा को खिलाया। संभवतः चिकन में उसने नशीला पदार्थ भी मिला रखा था। इससे खाना खाते ही रेखा और पांचों बच्चे बेहोश हो गए। इसके बाद उसने जिस चाकू से मुर्गा काटा था, उसी चाकू से रेखा के पेट को गोद डाला। इसके बाद फरार हो गया। कुछ देर बाद रेखा के घर के पास में ही रहने वाली बुआ अनीता किसी काम से घर पहुंचीं तो रेखा को खून से लथपथ देखकर दंग रह गईं और शोर मचा दिया। रेखा को उपचार के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज ले लाया गया। यहां रात लगभग 12 बजे उसकी मौत हो गई।  मृतका के भाई धर्मेंद्र रायकवार ने बताया कि उसकी बहन रेखा रायकवार (38) की शादी लगभग 17 साल पहले झांसी के संजीव रायकवार से हुई थी। उसके पांच बच्चे हैं. इनमें 4 लड़की और एक लड़का है। बेटा सबसे छोटा है। संजीव शराब पीने का भी आदी है। प्रेमनगर पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी है।