– आईआरसीटीसी ने किचिन सुपरवाइजर किया निलंबित, एजेंसी पर 25 हजार का जुर्माना 

झांसी। झांसी से चलकर हजरत निजामुद्दीन की ओर जा रही गतिमान एक्सप्रेस में यात्रियों को शाकाहारी भोजन छोले व पास्ता में मांस के टुकड़े परोसने से हंगामा हो गया। यात्री की शिकायत पर आईआरसीटीसी ने सुपरवाइजर को निलंबित करने के साथ ही सेवा प्रदाता कंपनी पर जुर्माना लगाया है। यात्रियों ने इसे धर्म भ्रष्ट करने की साज़िश निरूपित किया है।

दरअसल, दतिया के भरतगढ़ निवासी सेवानिवृत्त सैन्य कर्मचारी राजेश कुमार तिवारी अपनी पत्नी प्रीति तिवारी के साथ बेटी के पास शनिवार को दिल्ली जा रहे थे। वह शनिवार को अपराह्न तीन बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन से 12049 गतिमान एक्सप्रेस के कोच संख्या सी-7 में सवार हुए। गाड़ी के ग्वालियर स्टेशन से आगे बढ़ने पर राजेश और उनकी पत्नी को आईआरसीटीसी के स्टाफ ने छोले-कुल्छे उपलब्ध कराए। दोनों पैकेट खोलकर खाने लगे तो प्रीति को छोले का स्वाद कुछ अटपटा लगा। इस पर उन्होंने गौर से देखा तो छोले में मांस का टुकड़ा पड़ा हुआ था। यह जानकारी उन्होंने अपने पति व अन्य सहयात्रियों को दी। इससे यात्रियों में रोष फैल गया।

इसी दौरान इसी कोच में ग्वालियर से सवार हुई कृतिका मोदी ने पास्ता में चिकिन के  टुकड़े होने की जानकारी दी। यात्रियों ने जब इसकी शिकायत आईआरसीटीसी के स्टाफ से की। उन्होंने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि उनका काम केवल खाना सर्व करना है। खाना ग्वालियर में स्थित आईआरसीटीसी की बेस किचिन से बनकर आता है। राजेश कुमार तिवारी ने इसकी जानकारी फोन पर अपनी बेटी कनिष्का को दी। उन्होंने छोले में पड़े मांस के टुकड़े की फोटो भी साझा की। बेटी ने ट्वीट के जरिये रेल मंत्री और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई। इससे रेल प्रशासन में अफरातफरी मच गई।

आईआरसीटीसी के जनसंपर्क अधिकारी सिद्धार्थ सिंह ने बताया कि इस मामले में आईआरसीटीसी ने तत्काल किचिन सुपरवाइजर को दोषी करार देते हुए निलंबित कर दिया। साथ ही सेवा प्रदाता एजेंसी पर पच्चीस हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। किचिन की निगरानी बढ़ा दी गई है।

इस मामले में सोशल मीडिया पर जबरदस्त प्रतिक्रिया है। लोगों ने इसे साजिश बताते हुए गहराई से जांच कर अपराधिक मामला दर्ज करने व सेवा प्रदाता कंपनी को ब्लेक लिस्ट में डालने की मांग की है।