पत्नी से अफेयर के शक में दोस्त का गला काट कर पिया खून, VIDEO भी बनवाया

कर्नाटक । कर्नाटक से रोंगटे खड़े कर देने वाली एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे दर्दनाक, खौफनाक, भयावह, हैवानियत की हद… आदि कहा जाना कम है। दरअसल, कर्नाटक के चिंतामणि में एक व्यक्ति इंसान से ‘खूनी पिशाच’ बन गया। उसने पहले अपने दोस्त का चाकू से गला काटा और इसके बाद फिर उसका खून चूसकर पिया। वहीं शख्स जब इस घटना को अंजाम दे रहा था तो उसने वीडियो भी बनवाया और उसे वायरल किया। पुलिस ने विजय नाम के आरोपी को दबोच लिया है। आरोपी विजय ने अपने जिस दोस्त के साथ दरिंदगी की उसकी पहचान मारेश के रूप में हुई है। मारेश बच गया है और अस्पताल में भर्ती है।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी विजय इसलिए ‘खूनी पिशाच’ बना क्योंकि उसे अपनी पत्नी और दोस्त मारेश के बीच अफेयर का शक था। विजय यह समझ रहा था कि उसकी पत्नी और मारेश में नजदीकियां बढ़ रहीं हैं और दोनों में अवैध संबंध बन चुके हैं। विजय इस बात को हरगिज सहन नहीं कर पाया और उसने दोस्त मारेश को क्रूरतम तरीके से मारने का निर्णय लिया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार विजय ने मारेश को बातों-बातों में पहले चेतावनी भी देने की कोशिश की थी लेकिन जब मारेश की उसकी पत्नी से नजदीकियां कम नहीं हुईं तो विजय ने बहाने से मारेश को बुलाया और उस पर चाकू से हमला कर दिया। विजय, मारेश को मार-मारकर खून से लथपथ कर चुका था। बाद में विजय ने मारेश के गले पर चाकू से कट मारे और खून चूसने लगा। यानि घटना के वक्त विजय के अंदर कितना भयानक गुस्सा रहा होगा…।

वीडियो बनाने वाले को साथ लेकर गया

बताया जा रहा है कि, आरोपी विजय जब मारेश को मारने गया तो वह अपने साथ किसी करीबी जानकार को भी ले गया। विजय ने उससे घटना का वीडियो बनवाया। मारेश को जी भर कर मारने के बाद विजय उसे मरा समझ कर छोड़ गया, किंतु धोखा हो गया। मारेश की सांसें चल रहीं थीं। विजय के जाने के बाद आसपास से गुजर रहे लोगों ने जब मारेश को देखा तो उन्होंने पुलिस को सूचना देते हुए उसे अस्पताल पहुंचाया।

इंसान में खून पीने का व्यवहार अकल्पनीय

इस घटना के बाद मनोचिकित्सक भी हैरान हैं। उनका कहना है कि, इंसानों के बीच ऐसा व्यवहार बहुत दुर्लभ है और यह काफी अकल्पनीय है। इंसानों से ऐसे व्यवहार की उम्मीद नहीं की जा सकती है। लेकिन जब किसी व्यक्ति के सिर पर खून सवार होता है तो ऐसे व्यवहार की उम्मीद की जा सकती है। फिलहाल, कर्नाटक में इस घटना ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है।