झांसी। थाना नवाबाद क्षेत्र अंतर्गत मेडिकल कॉलेज के निकट स्थित नामचीन होटल रायल इन के कमरे में प्रेमी युगल ने जहर खाकर जान दे दी। बंद कमरे में दोनों बेसुध मिले तो होटल स्टॉफ को जानकारी हुई। इसके बाद हड़कंप मच गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है।
दरअसल, चिरगांव थाना क्षेत्र के आऊपारा गांव निवासी युवराज (24) पुत्र जयपाल रविवार दोपहर मेडिकल कॉलेज हाईवे स्थित रॉयल इन होटल पहुंचा था। उसके साथ चिरगांव के रमपुरा गांव निवासी भारती (27) पत्नी राघवेंद्र भी थी। दोनों ने होटल का कमरा नंबर 205 लिया था। कर्मचारियों से कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों कमरे में गए और अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद बाहर नहीं निकले। उन्होंने अंदर से कमरा बंद किया और विषाक्त निगल लिया।
काफी देर तक कमरे से कोई आहट न होने पर होटल कर्मचारियों को शक हुआ। उन्होंने कमरे में नॉक करने का कोशिश की लेकिन, कोई रिस्पांस नहीं मिला। इसके बाद किसी तरह कमरे के दरवाजे को खुलवाया गया तो दोनों बेड पर अचेत पड़े थे।
सूचना मिलने पर तत्काल सीओ लक्ष्मीकांत गौतम, यूपी-112, नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव, मेडिकल रिपोर्टिंग चौकी प्रभारी पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का जायजा लिया। दरवाजा खुलवाकर दोनों को बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार भारती का मायका उल्दन थाना क्षेत्र के धवारी गांव में है जबकि उसकी शादी चिरगांव के रमपुरा गांव में हुई थी। परिजनों की मानें तो उनके दोनों के संबंधों की कोई जानकारी नहीं थी। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। जांच में सामने आया है कि सुबह महिला के घर पर बातचीत के बाद आ गई थी। इसके बाद यह लोग होटल आए और कमरे में जहर खाया लिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।














