पिता ने लगाया हत्या का आरोप, कार्रवाई की मांग 

झांसी। शादी के दो माह में ऐसा क्या हुआ कि नव विवाहिता ने हाथों की मेंहदी छूटने के पहले ही ससुराल में आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।

लगभग दो महीने पहले जिला महोबा निवासी लगभग 22 वर्षीय मधू राजपूत की शादी झांसी जिले के चिरगांव थानान्तर्गत सुल्तानपुर निवासी शिवम के साथ हुई थी। परिजनों के मुताबिक मधू का पति एक प्राईवेट स्कूल में शिक्षक है। मधु ने बीए फाइनल कर रही है, उसने आईटीआई किया है। रिश्ता तय होने के बाद बड़े अरमानों व दान-दहेज के साथ मायके वालों ने मधू का विवाह किया था। विवाह के दो माह में न जाने ऐसा क्या हुआ कि मधू ने ऐसा कदम उठा लिया कि ससुराल व मायके पक्ष में कोहराम मच गया। दरअसल, मधु शादी के बाद तीसरी बार अभी 8 दिन पहले ही वह अपने मायके से अपनी ससुराल सुल्तानपुर आई थी। जहां सोमवार को घर में मधू ने मौका पाते ही फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली।

मधु को फांसी के फंदे पर लटका देख इसकी सूचना थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। इसके बाद पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मधु ने किन परिस्थितियों में मौत को गले लगाया रहस्यमय है। इधर, मृतका के पिता ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि शादी के बाद मधु को पता चला कि उसका पति दुर्व्यसनी है । विरोध करने पर उसका उत्पीड़न किया जा रहा था। यह बात उसने अपनी मां को भी बताई थी। फिलहाल पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।