झांसी। शुक्रवार की दोपहर कचहरी के निकट उस समय सनसनी फ़ैल गई जब एक महिला ने दुपट्टे से गला कस कर फांसी लगाने की कोशिश की। लोगों के बचाने पर महिला ने बताया कि परिवार के लोगों ने उसके हिस्से की संपत्ति हड़प ली है। इससे वह परेशान हैं। वकीलों के समझाने पर वह शांत हो गई।

शुक्रवार की दोपहर कचहरी के बाहर वकीलों के बस्तों के इर्दगिर्द रोजाना की तरह खासी भीड़भाड़ जमा थी।
इसी दरम्यान एक वकील के बस्ते के बाहर सड़क पर झांसी के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पुलिया नंबर नौ निवासी महिला दुपट्टे से अपना गला कसकर जान देने की कोशिश करने लगी। यह देख आनन-फानन में वहां मौजूद अधिवक्ताओं ने महिला को रोका। महिला ने बताया कि उसके पति और ससुर की मौत हो चुकी है। ससुर तीन मकान छोड़कर गए थे, लेकिन परिवार के एक सदस्यों ने पूरी संपत्ति हड़प ली। इसका मामला न्यायालय में चल रहा है। अब दो छोटे-छोटे बच्चों के साथ उसके बेघर होने की नौबत आ गई है।

महिला ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को न्यायालय आते समय रास्ते में उसके पिता के साथ भी मारपीट की गई। इस पर वहां मौजूद लोगों व वकीलों ने महिला को समझाया। इसके बाद वह शांत होकर चली गई।