शादी के 6 माह बाद ही उजड़ गई मांग, मचा कोहराम 

झांसी। जिले के बरुआसागर थानान्तर्गत ग्राम तिलैथा में मौत का सन्नाटा पसरा हुआ है। यहां 6 माह पहले दो भाईयों ने एक साथ शादी रचाई और अब दोनों की अर्थियां भी एक साथ उठीं। मांग उजड़ने से दोनों की पत्नियों और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो रहा है।

झांसी के बरुआसागर थाना क्षेत्र के तिलैथा गांव के 22 वर्षीय संजय अहिरवार पुत्र मंशाराम अहिरवार और 22 वर्षीय विजय पुत्र तोड़न अहिरवार आपस में चचेरे भाई हैं। परिजनों के मुुताबिक 6 माह पहले मंशल माता मंदिर के पास हुए विवाह सम्मेलन में संजय की शादी दिगारा में रहने वाली मुस्कान के साथ हुई थी, उसी दिन विजय की शादी स्यावरी में रहने वाली पूजा के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों काफी खुश रहते थे, किंतु इन खुशियों पर ग्रहण लग गया।

विगत दिवस संजय और विजय अपनी-अपनी बाइक लेकर साथी 18 वर्षीय पंकज, 20 वर्षीय सूरज और 20 वर्षीय दीपू के साथ मजदूरी करने के लिए बरुआसागर आए थे। जहां से संजय और विजय समेत पांचों लोग बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। अभी गांव लगभग 500 से 600 मीटर दूर रह गया था इसी दौरान दोनों की बाइकें आपस में टकरा गई। हादसे की जानकारी जैसे ही परिजनों को हुई तो भागकर मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में सभी को उपचार के लिए झांसी मेडिकल कालेज ले गए। जहां डॉक्टरों ने संजय और विजय को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य तीन को उपचार दिया जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। दोनों भाईयों की अर्थी जब निकली तो दुःख का सैलाब उमड़ पड़ा। परिजनों व नव विवाहिताओं का मांग उजड़ने से रो रो कर बुरा हाल है।

गाय बचाने के चक्कर में गई जान

बरुआसागर थानान्तर्गत मिलान मोहल्ले निवासी 18 वर्षीय विक्की विश्वकर्मा फर्नीचर की दुकान पर काम करता था। रात्रि में वह बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान बस स्टैंड के पास अचानक गाय आ गई। जिसे बचाने के चक्कर में वह सड़क हादसे का शिकार हो गया। जिसमें उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।