झांसी। जिले के थाना समथर क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला अंबेडकर नगर में नाले में लगभग 14 बर्षीय किशोर का शव उतराता मिला। किशोर किन परिस्थितियों का शिकार हुआ रहस्यमय है।

दरअसल, रविवार सुबह समथर कस्बे के लोग जब पंडोखर-मोंठ मार्ग से आ जा रहे थे तभी उन्होंने देखा कि कब्रिस्तान के नाले में एक शव उतरा रहा था। जिसकी चर्चा आग की तरह मोहल्ले में फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकाल कर शिनाख्त कराई। मृतक की शिनाख्त सत्यदेव उर्फ सुन्नी (उम्र 14 बर्ष) निवासी मोहल्ला अंबेडकर नगर समथर के रूप में हुई।

परिजनों की मानें तो सत्यदेव गत दिवस एक युवक के साथ काम पर निकला था। जब देर रात वह घर वापस नहीं आया तो परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। सुबह लोगों को उसका शव नाले में उतराता मिला। सत्यदेव किन परिस्थितियों का शिकार हुआ रहस्यमय है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। परिजनों में सत्यदेव की मौत से मातम पसरा है।