बुविवि के हिंदी संस्थान में हिंदी सप्ताह शुरू, निबंध लेखन समेत कई प्रतियोगिताएं होंगी

झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के हिंदी संस्थान में हिंदी दिवस पर हिंदी सप्ताह के उद्घाटन सत्र को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि कुलपति प्रो मुकेश पाण्डेय ने कहा कि हिंदी दुनिया की सर्वाधिक जन प्रचलित भाषा है। इसमें रोजगार की संभावनाएं सबसे अधिक हैं।
उन्होंने आह्वान किया कि सभी हिंदी के प्रचार प्रसार को पूरे मनोयोग से कार्य करें। विश्वविद्यालय प्रशासन हर रचनात्मक गतिविधि को भरपूर सहयोग देने को कृत संकल्पित है। उन्होंने उम्मीद जताई कि निकट भविष्य में ही भारत विश्व गुरु की पदवी प्राप्त कर लेगा। उन्होंने कहा कि जी २० की अध्यक्षता से पूरी दुनिया में भारत का प्रभुत्व बढ़ा है।

शुरुआत में कला संकाय अधिष्ठाता और हिंदी संस्थान के अध्यक्ष प्रो मुन्ना तिवारी ने कुलपति का स्वागत करते हुए हिंदी और उसकी उपयोगिता पर भी विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि हिंदी सप्ताह की शुरुआत आज हुई है। १५ सितंबर को हिंदी निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें प्रथम तीन स्थान हासिल करने वालों को क्रमश: एक हजार, सात सौ पचास और पांच सौ रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। १६ सितंबर को हिंदी कहानी लेखन प्रतियोगिता होगी। १८ को हिंदी कविता लेखन प्रतियोगिता होगी। १९ को प्रश्नोत्तरी एवं संभाषण प्रतियोगिता होगी। २० को पोस्टर लेखन प्रतियोगिता होगी। पुरस्कार वितरण और समापन समारोह २१ सितंबर को आयोजित किया जाएगा। सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम तीन स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार दिया जाएगा।
उक्त आयोजन पंडित दीनदयाल उपाध्याय शोध पीठ, प्रज्ञा द क्रिएटिव एंड लिटरेरी क्लब और हिंदी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है। कार्यक्रम का संचालन डा अचला पाण्डेय और आभार प्रो पुनीत बिसारियां ने व्यक्त किया। इस कार्यक्रम में डा श्री हरि त्रिपाठी, नवीन चंद् पटेल डा पुनीत श्रीवास्तव, डा प्रेम लता, डा सुनीता वर्मा, डा सुधा दीक्षित, उमेश शुक्ल, द्युतिमालिनी समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।