झांसी महानगर अध्यक्ष हेमंत परिहार व जिलाध्यक्ष अशोक गिरी

झांसी। आगामी लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में पार्टी के जिलाध्यक्ष और महानगर अध्यक्ष में बदलाव कर दिया है। इस सूची में जो बदलाव किया गया है उसने हतप्रभ कर दिया है। हम बात कर रहे हैं झांसी मंडल की। यहां सभी कयासों को दरकिनार कर संगठन ने झांसी महानगर से हेमंत परिहार और झांसी जिले से अशोक गिरि को अध्यक्ष बनाया गया है। साथ ही जालौन जिलाध्यक्ष की कमान महिला को सौंपते हुए उर्विजा दीक्षित, ललितपुर की कमान राजकुमार जैन, महोबा अवधेश गुप्ता, बांदा संजय सिंह, हमीरपुर सुनील पाठक को सौपी है।

मालूम हो इससे पहले झांसी महानगर की कमान मुकेश मिश्रा और जिले की कमान जमुना कुशवाहा संभाले हुए थे। इस सूची के शुक्रवार को जारी होते ही पार्टी में उन नेताओं में खलबली मची हुई है जो पार्टी में अपनी दीर्घकालिक सेवाओं पर उम्मीद लगाए हुए थे। नई सूची के जारी होते ही इन नेताओं में हताशा की स्थिति उत्पन्न हो गई है।