झांसी। जिले के चिरगांव थाना क्षेत्र में श्मशान घाट के अंदर वरगद के पेड़ पर लगभग 28 वर्षीय ट्रक चालक का शव लटका मिलने से दहशत फैल गई। ट्रक चालक की आत्महत्या पहेली बनी हुई है।

जिले में चिरगांव थानान्तर्गत ग्राम छिरौना में रहने वाला लगभग 28 वर्षीय पंकज यादव ट्रक चालक था। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। ढाई वर्ष पहले उसके पिता की मौत हो गई थी। पिता की मौत के बाद घर की सारी जिम्मेदारी उस पर थी। दो वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। उसका 7 माह का एक बच्चा भी है। परिजनों के मुताबिक पंकज की पत्नी दिल्ली पुलिस के लिए तैयारी कर रही थी। जिसमें उसका चयन हो गया था । अब पत्नी का मेडिकल प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पंकज को दिल्ली जाना था।

कल रात में पंकज घर से घूमने की कहकर निकला था। इसके बाद लौटकर घर नहीं आया। पूरी रात परिवार किसी अनहोनी की आशंका में ग्रसित रहा। सुबह-सुबह गांव वालों ने बताया कि एक युवक की लाश गांव के श्मशान घाट में बरगद के पेड़ लटक रही है। जिस पर वह वहां पहुंचे तो देखा वह शव किसी और का नहीं बल्कि पंकज यादव का था। यह देख सभी के होश उड़ गए।

सूचना मिलने पर चिरगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसने आत्महत्या क्यों की, इसकी जांच चल रही है। मृतक अपने पीछे 7 माह का बेटा, पत्नी और मां को रोता विलखता छोड़ गया।