ओवरब्रिज के पास ट्रक में घुसी बाइक, पांच लाख के आभूषण से भरा बैग सुरक्षित

झांसी। झांसी-कानपुर हाईवे पर पूंछ के मबूसा ओवरब्रिज के पास सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से बाइक के घुस जाने से सगाई के चार दिन पहले दुल्हन व उसके छोटे भाई की मौत हो गई। हालांकि इस दौरान 5 लाख के आभूषण से भरा बैग सुरक्षित पुलिस को मिल गया। हादसे के बाद ट्रक लेकर भागे चालक को पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे तलाशने में जुटी है।
जिला जालौन के दहगुवां गांव निवासी दृगपाल अहिरवार की पुत्री शालिनी के ससुराल की शादी में शामिल होने के लिए उसकी बहन शिवानी और भाई ईशु सुबह करीब आठ बजे बाइक से निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है ईशु बाइक चला रहा था। जैसे ही दोनों थाना पूंछ अंतर्गत मबूसा ओवरब्रिज के पास पहुंचे, बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसा इतना जबर्दस्त था कि बाइक का पहिया निकल गया और दोनों के सिर ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़े। दोनों उछलकर करीब 15 मीटर दूर जा गिरे।
जोरदार आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए। हादसे की सूचना पर पुलिस भी आ गई। दोनों मोठ सीएचसी ले जाए गए, यहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। मोंठ सीओ अजय श्रोत्रिय ने बताया कि ट्रक में पीछे से भिड़ंत होने से यह हादसा हुआ। अस्पताल ले जाने पर दोनों की मौत हो गई। ट्रक एवं चालक को तलाशा जा रहा है।
शादी के घर में छाया मातम
शिवानी व ईशु की मौत से शिवानी की शादी की तैयारियों में जुटे परिवार में मातम पसरा है। दरअसल शिवानी की 20 तारीख को सगाई होनी थी। घर को सजाने का काम चल रहा था लेकिन, महज चार दिन पहले ही मौत की मनहूस दस्तक उनके घर आ पहुंची। एक साथ बेटी एवं बेटा की असमय मौत से पिता दृगपाल एवं मां मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। शिवानी जालौन के कैलाशी देवी महाविद्यालय में बीए की छात्रा थी वहीं, ईशू बारहवीं में पढ़ता था।
पांच लाख के गहने लेकर निकले थे दोनों
शिवानी की बड़ी बहन शालिनी की ससुराल में 17 मई को बरात आनी थी। शालिनी ने अपने सारे जेवर मायके में रखे थे। बरात में पहनने के लिए उसने अपने जेवर शिवानी से मंगवाए थे। जेवर से भरा बैग शिवानी के पास था। हादसे की खबर लगने पर रोते-बिलखते शालिनी भी घटना स्थल पर पहुंच गई। उसने पुलिस को इस बैग के बारे में बताया। थाना प्रभारी वेदप्रकाश पांडेय के पता लगाने पर गहनों से भरा पूरा बैग सुरक्षित मिला। उसमें मंगलसूत्र, सोने के टप्स, कमरबंद, पायल समेत करीब पांच लाख के जेवर थे। पुलिस ने जेवर से भरा बैग परिजनों के हवाले कर दिया।














