

ललितपुर संवाद सूत्र। बुंदेलखंड के जिला ललितपुर में सोमवार अपरान्ह एक केला कोल्ड स्टोर में भीषण आग लग गई। इस अग्नि कांड में लगभग 10 लाख रुपये की गड्डियां, लाखों रुपये का केला और अन्य उपकरण जल कर खाक हो गए। सूचना मिलने पर दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग लगने का कारण पीछे की झाड़ियों में लगी आग को बताया है।
ललितपुर हाईवे स्थित मिलन केला कोल्ड स्टोर का संचालन बंदायू निवासी इमरोज हाल निवासी नवीन गल्ला मंडी के पीछे नहर किनारे करते हैं। सोमवार अपरान्ह करीब तीन बजे कोल्ड स्टोर से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। संचालक इमरोज और अन्य कर्मचारियों ने बोरिंग मशीन से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि पानी का पाइप भी जल गया। देखते ही देखते पूरी कोल्ड स्टोर आग की चपेट में आ गई।
आग की लपटों से संचालक का कार्यालय पूरी तरह जल गया, जिसमें रखे लगभग 10 लाख रुपये नकद भी जल गए। इसके अलावा, पांच हजार प्लास्टिक की क्रेट, दो फ्रीजर, पांच एसी, गैस सिलेंडर और पकने के लिए रखा लाखों रुपए का केला भी राख हो गया। संचालक इमरोज ने बताया कि उनके स्टोर का बीमा भी नहीं था।














