प्रधानाध्यापिका बोली, नहर का जल स्तर बढ़ने से विद्यालय में भर जाता है पानी

झांसी। जिले के पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम खकल के विद्यालय में उस समय अफरातफरी मच गयी जब कुछ दिन से विद्यालय में भरे पानी में ग्रामीणों को मगरमच्छ दिखाई दिया। मगरमच्छ के दिखने से भय के कारण विद्यालय में पठन-पाठन का कार्य बाधित है। अध्यापकों ने पुलिस एवं वन विभाग की टीम को सूचित किया। चर्चा आम है कि मगरमच्छ भी विद्यालय में अध्ययन करने आया है।

दरअसल पूंछ के ग्राम खकल के कंपोजिट विद्यालय के बगल से नहर निकली है। जब नहर में पानी अधिक बढ़ जाता है तो उसका पानी गांव तथा विद्यालय में भरने लगता है। यह समस्या समय-समय पर ग्राम वासियों के सामने आती है। कुछ दिनों पहले नहर का जलस्तर बढ़ा तो ग्राम के कंपोजिट विद्यालय में पानी भर गया। जैसे-तैसे अध्यापक दो कक्षों में सभी विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं। करीब 4 दिन पहले लोगों ने स्कूल के भीतर मगरमच्छ को देखा तो वह भयभीत हो गए। गत दिवस भी बच्चों ने विद्यालय में भरे पानी में मगरमच्छ देखा और इसकी सूचना विद्यालय के अध्यापकों को दी गई।

विद्यालय की प्रधानाध्यापिका कविता गुप्ता ने बताया- “वह सोमवार सुबह जैसे ही विद्यालय पहुंची, उन्हें ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय में भरे पानी में मगरमच्छ देखा गया है। जिसकी सूचना उन्होंने पूंछ पुलिस तथा वन विभाग के अधिकारियों को दी।” उनका कहना है- “बरसात के दौरान तो विद्यालय में पानी भरा ही रहता है लेकिन जब नहर का जलस्तर बढ़ता है तब भी जल भराव की समस्या होती है। इसके संबंध में विभागीय तथा प्रशासनिक अधिकारियों सहित ग्राम प्रधान आदि को अवगत कराया गया लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। कहा- “विद्यालय की तुलना में नहर ऊंचाई पर है, जिसके चलते जल भराव की समस्या बनी रहती है। अगर विद्यालय को ऊंचाई दे दी जाए तो शायद इस समस्या से निपटा जा सकता है।”

वही गांव के कई घरों में पानी भर गया, जिसके चलते ग्रामीण भी परेशान हैं। ग्रामीण जल भराव की समस्या से जैसे-तैसे जूझ ही रहे थे कि विद्यालय में मगरमच्छ देखने से वह भयभीत हैं। वही विद्यालय में भी अध्यापक तथा विद्यार्थी डरे हुए हैं और डर के साये में अध्ययन-अध्यापन का कार्य चल रहा है।