झांसी। अखिल भारतीय गहोई वैश्य महासभा के तत्वावधान में प्रतिनिधि मंडल ने रामगोपाल छिरौल्या ‘डल्लूभैया’ राष्ट्रीय अध्यक्ष, महासभा व दीपक सावला राष्ट्रीय महामंत्री, महासभा के नेतृत्व में एसएसपी को ज्ञापन देते हुए चिरगाँव थाना क्षेत्रान्तर्गत अमरा निवासी रमाशंकर गुप्ता की हत्या के अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बुन्देलखण्ड क्षेत्रीय सभा के अध्यक्ष उमेश छिरौल्या के नेतृत्व में 4 मई को रमाशंकर गुप्ता की हत्या के अपराधियों को गिरफ्तार करने की माँग की थी। 5 मई 2026 को थाना प्रभारी चिरगाँव से इस मामले में चर्चा की गई तो उन्होंने 7 दिवस का समय देते हुए कहा था कि उक्त समयावधि में हत्या के आरोपित अपराधियों को जाँच कर गिरफ्तार कर लेंगे।
प्रतिनिधि मंडल ने आरोप लगाया कि आश्वासन के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। थाना प्रभारी चिरगाँव एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस मोंठ इस केस की जाँच में ज्यादा रूचि नहीं ले रहे हैं और ना ही नामजद अपराधियों को गिरफ्तार किए जाने के ठोस प्रसास किए गये हैं, अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि उक्त हत्याकाण्ड में आरोपित अपराधियों को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलवायें एवं क्षेत्राधिकारी पुलिस मोंठ एवं थाना प्रभारी चिरगाँव को स्थानांतरित किया जाए ताकि रमाशंकर गुप्ता हत्याकाण्ड की जाँच निष्पक्ष एवं प्रभावी ढंग से की जा सके। ज्ञापन में पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की भी मांग की गई।














