श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के सामने मॉडल शॉप बंद कराई जाए
झांसी। हिंदू जागरण मंच कानपुर प्रांत ने सिविल लाइन में परशुराम चौक से स्टेशन रोड पर पर स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर (रजिस्टर्ड) के सामने नियम विरुद्ध खोली गई मॉडल शॉप शराब/बियर को हटाने की मांग को लेकर संघर्ष का विगुल फूंक दिया है। इस संबंध में संगठन ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी अगर दुकान नहीं हटी तो बड़ा आंदोलन होगा।
बुधवार को हिंदू जागरण मंच कानपुर प्रांत के तत्वावधान में प्रांत युवा आयाम प्रमुख पुरकेश अमरिया के नेतृत्व में जिलाधिकारी कार्यालय में ज्ञापन देते हुए बताया कि परशुराम चौक के पास स्टेशन रोड पर स्थित प्राचीन लक्ष्मी नारायण मंदिर (रजिस्टर्ड) के सामने नियम के विपरीत मॉडल शॉप शराब/बियर की दुकान को संचालित किया जा रहा है। जिससे धार्मिक, सामाजिक मर्यादा गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है।
उक्त प्राचीन मंदिर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, पुरुष, बच्चे, पर्यटक आते है, किंतु मॉडल शॉप संचालित होने से वहां का वातावरण अशोभनीय एवं असुरक्षित होता जा रहा है। मंदिर के सामने शराब बिक्री होने से वहां आए दिन शराबियों का जमाबड़ा लगा रहता है और लड़ाई झगड़े भी होते हैं, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं। असामाजिक गतिविधियां एवं विवाद की स्थिति बनी रहती है। जिससे कानून व्यवस्था भी बिगड़ सकती है।
ज्ञापन में उक्त मॉडल शॉप की वैधानिकता, लाइसेंस एवं मंदिर से दूरी संबंधी नियमों की जांच कराते हुए जनभावनाओं को ध्यान में रखकर तत्काल प्रभाव से इसे अन्य स्थान पर स्थानांतरित एवं लाइसेंस निरस्त करने के साथ ही संबंधित विभागों को निर्देशित कर क्षेत्र में शांति एवं धार्मिक गरिमा बनाए रखने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की।
एसडीएम ने जिला आबकारी अधिकारी को तलब किया
इस ज्ञापन पर तत्काल एसडीएम ने जिला आबकारी अधिकारी को बुला कर चर्चा की। आबकारी अधिकारी ने कहा कि वह मंदिर, स्कूल व कॉलेज जो सरकारी रिजिस्टर्ड नहीं उन्हें नहीं मानते और यदि इस माडल शाप को बंद किया गया तो 6 करोड़ के राजस्व की हानि होगी। उन्होंने कहा कि इसे न तो शिफ्ट करेंगे न हटाएंगे। इस पर प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि उक्त प्राचीन मंदिर का रजिस्टर्ड ट्रस्ट है। यह शाप हिन्दू समाज की भावनाओं पर सीधा प्रहार है। उन्होंने कहा कि जिला आबकारी अधिकारी के बयान को लेकर कार्यवाही नहीं की गई तो पुतला जलाकर प्रदर्शन होगा।














