अब इस समय खुलेंगे पट, भगवान देंगे भक्तों को दर्शन

ओरछा (निवाड़ी) : बुन्देलखंड की अयोध्या बुन्देलों की राजधानी ओरछा में स्थित भगवान श्री रामराजा सरकार के मंदिर के दर्शन का समय बदल गया है। प्रतिवर्ष शरद पूर्णिमा के अगले दिन से मंदिर के समय में परिवर्तन किया जाता है। इस साल भी 29 अक्टूबर से सुबह 9 और शाम को 7 बजे राम राजा सरकार न भक्तों को दर्शन देना शुरू कर दिया है।

दरअसल प्राचीन परंपराओं के अनुसार प्रतिवर्ष मौसम परिवर्तन के साथ ही ओरछा में श्री राम राजा सरकार के मंदिर का समय बदला जाता है। ओरछा का राम राजा सरकार मंदिर देश का इकलौता मंदिर है जहां भगवान राम को राजा के रूप में पूजा जाता है. दरबार खुलने की परम्परा का राजसी तरीके से ही निर्वहन किया जाता है।

आरती के समय में भी बदलाव
29 अक्टूबर रविवार से रामराजा सरकार का दरबार सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक और शाम को 7 बजे से रात 9:30 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए खुलना शुरू हो गया है। मंदिर में चली आ रही राजसी परंपरा के अनुसार हर साल गर्मी और बारिश के आठ माह फाल्गुन से कुंवार के महीने की शरद पूर्णिमा तक रामराजा सरकार का दरबार सुबह 8 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक खुलता है। दोपहर में राजभोग आरती के बाद भगवान विश्राम करते हैं इसलिए दोपहर में पट बंद रहते हैं जबकि शाम को 8 बजे संध्या आरती व रात को 10:30 बजे शयन आरती होती है। रविवार से 7 बजे संध्या आरती व रात 9:30 बजे शयन आरती शुरू कर दी गई है।

दिन भर ओरछा तो रात में शयन अयोध्या 
कहा जाता है कि भगवान श्रीराम के दो निवास खास हैं। भगवान दिन भर ओरछा में रहने के बाद शयन के लिए अयोध्या चले जाते हैं। प्रतिदिन रात में ब्यारी (संध्या) की आरती होने के बाद ज्योति निकलती है जो कीर्तन मंडली के साथ पास ही पाताली हनुमान मंदिर ले जाई जाती है। मान्यता है कि ज्योति के रूप में भगवान श्रीराम को हनुमान मंदिर ले जाया जाता है जहां से भक्त हनुमान जी शयन के लिए भगवान श्रीराम को अयोध्या ले जाते हैं।

राम राजा को सलामी देती है पुलिस गार्ड 
भगवान राम को ओरछा में राजा के रूप में पूजा जाता है। बतौर राजा उन्हें दिन के चार पहर सलामी भी दी जाती है। यह परम्परा यहां अंग्रेजी शासन काल के पूर्व से चली आ रही है। वर्तमान में यहां एमपी पुलिस सलामी देती है, ओरछा में भगवान राम के अलावा किसी भी वीआईपी को सलामी नहीं दी जाती है।