खाना बनाने वालों से पूछताछ, नमूनों की रिपोर्ट खोलेगी राज

झांसी। जिले के पूंछ थाना क्षेत्र के ग्राम बरोदा में त्रयोदशी के भोजन करने के बाद लगातार मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। बीते कल अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही थी। यहां तक कि गांव में भी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंप लगा दिया। कल से अब तक लगातार एम्बुलेंस मरीज को भरकर गांव और अस्पताल के चक्कर लगा रही हैं।

गौरतलब है कि बीते कल ग्राम बरोदा में त्रयोदशी का खाना खाने के बाद सैकड़ों लोगों की हालत बिगड़ी। उन्हें उल्टी, दस्त, बुखार, पेट दर्द जैसी समस्याएं थी। जिसको देखते हुए मोंठ सीएचसी के अधीक्षक ने अपनी टीम के साथ ग्राम बरोदा में कैंप लगा दिया था। सीएचसी और ट्रॉमा सेंटर में सैकड़ो मरीजों का उपचार हुआ। विगत रात से सुबह तक एंबुलेंसों में भरकर मरीज अस्पतालों में आते रहे, कइयों की हालत गंभीर है।

सीएचसी में मरीजों को उपचार देने के लिए पुख्ता इंतजामात किए गए। क्षेत्र के समस्त उप स्वास्थ्य केन्द्रों के स्वास्थ्य कर्मचारियों की ड्यूटी सीएचसी और ट्रामा सेंटर में लगा दी गई। सोमवार सुबह से लेकर दोपहर तक करीब 200 मरीजों को उपचार दिया गया। ग्राम बरोदा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय की टीम ने कैंप की बागडोर संभाली।

मरीजों में चर्चा है कि जिन लोगों ने 27 अक्टूबर को त्रयोदशी के दिन 8:00 बजे के पहले खाना खाया। उनकी हालत ठीक है और जिन्होंने 8:00 बजे के बाद खाना खाया उनकी हालत बिगड़ी है। हालत क्यों बिगाड़ी इसके पीछे मिष्ठान में प्रदूषित सामग्री के उपयोग की संभावना व्यक्त की जा रही है। खाना बनाने वालों से पूछताछ की गई है। नमूनों की रिपोर्ट आने का इंतजार है।