जल्द ही दिल्ली से आगरा, ग्वालियर झांसी होते हुए खजुराहो के बीच एक और वंदे भारत ट्रेन दौड़ेगी

नई दिल्ली। रेलवे बोर्ड जल्द ही दिल्ली से आगरा, ग्वालियर, झांसी होते हुए खजुराहो के बीच एक और वंदे भारत ट्रेन के चलाने की तैयारी कर रहा है। इस गाड़ी का ट्रायल दिल्ली से आगरा खंड के बीच मई माह के पहले या चौथे सप्ताह में किया जा सकता है। इस ट्रेन को 150 से 160 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ाया जाएगा। दिल्ली खंड पर अब तक वंदे भारत के दो ट्रायल हो चुके हैं। पहला ट्रायल सितंबर 2022 में हुआ था।

इस ट्रेन के चलने से देशी विदेशी पर्यटकों की पसंदीदा ताजनगरी से सीधे खजुराहो जुड़ जाएगा। अभी आगरा से सीधे खजुराहो के लिए कोई गाड़ी नहीं है। इस लक्जरी ट्रेन के चलने से यूपी व एमपी के पर्यटन उद्योग को बढ़ावा मिलेगा। दरअसल, इस ट्रेन का रूट दिल्ली से चलकर आगरा, ग्वालियर होते हुए झांसी और फिर झांसी से खजुराहो तक जाएगी। इस ट्रेन के चल जाने के बाद ताजनगरी आगरा का संबंध सीधे खजुराहो से हो जाएगा जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा क्योंकि इसमें ग्वालियर व झांसी से भी आगरा व खजुराहो के लिए देशी विदेशी पर्यटक मिलेंगे।

गौरतलब है कि इससे पहले एक वंदे भारत ट्रेन का उद्घाटन पीएम मोदी ने किया था। यह वंदे भारत ट्रेन भोपाल के रानी कमलापति स्टेशन से चलकर दिल्ली के निजामुद्दीन स्टेशन तक संचालित है और निज़ामुद्दीन से रानी कमलापति स्टेशन भोपाल के लिए रवाना होती है।

देश की पहली वंदे भारत ट्रेन दिल्ली से वाराणसी के लिए चलाई गई थी। इसके बाद देश को कई वंदे भारत ट्रेनों की सौगात मिल चुकी है। बता दें कि देश की रेलवे व्यवस्था को एक नई पहचान देने वाली इस ट्रेन को और भी रूटों पर चलाने की योजना है जिसे चरणवार पूरी किया जा रहा है।