मुठभेड में फिरौती के लिए अपहृत को कराया मुक्त, महिला सहित चार हत्थे चढ़े

0
202

चार पहिया वाहन, दो तमंचा व कारतूस बरामद 

झांसी। थाना नवाबाद पुलिस ने 32 हज़ार रुपए फिरौती के लिए युवक का अपहरण करने वाली चार सदस्यीय गैंग को मुठभेड़ में दबोच लिया है। मप्र के निवाड़ी की इस गैंग में एक शादीशुदा महिला भी शामिल है। गैंग ने युवक का बड़ागांव गेट से किडनैप किया था।

थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बड़ागांव गेट बाहर गोकुल धाम कॉलोनी निवासी किशन लाल श्रीवास ने नवाबाद थाना में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया था कि उसके बेटे भरत का अपहरण कर लिया ओर अपहरणकर्ता फ़ोन पर उसके पुत्र को छोड़ने के एवज में 32 हजार रुपए की मांग कर रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी थी।

इस मामले में एसएसपी के निर्देशन पर गठित नवाबाद थाना की पुलिस टीम में निरीक्षक अतुल कुमार, उप निरीक्षक मोहित सहित पुलिस टीम ने अपहृत की तलाश की कार्रवाई शुरू कर दी। गुरुवार तड़के पुलिस टीम को सूचना मिली कि भगवंतपुरा से कारगुवां जाने वाले मार्ग पर कुछ अपहरण कर्ता छिपे हुए है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कांबिंग शुरू कर दी तभी पुलिस टीम को देख अपहरणकर्ताओं ने बचने को फायरिंग कर दी।

पुलिस टीम ने जवाबी हवाई फायरिंग कर अपहरण कर्ताओं को दबोच कर उनके कब्जे से अपहृत भरत को सकुशल बरामद कर लिया। पकड़े गए अपहरणकर्ताओं ने अपने नाम मध्यप्रदेश के निवाड़ी जिला कंचन पुरा निवासी रोहित पुरोहित, बृजेंद्र दुबे और रोहिणी सूतकार तथा चौथे ने अपना नाम मध्यप्रदेश जिला निवाड़ी नई बस्ती निवासी ऋतिक अहिरवार बताया। रोहिणी ने बताया कि वह रोहित पुरोहित की पत्नी है।

पुलिस टीम ने गैंग के कब्जे से दो तमंचा, कारतूस सहित चार मोबाइल फोन और एक नीले रंग की वलेनो क्रमांक यूपी 14 डीएच 229 बरामद कर ली है। पुलिस के मुताबिक अपहरण में यही गाड़ी प्रयुक्त की गई थी।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम- निरीक्षक अतुल कुमार, उ0नि0 मोहित कुमार चौकी प्रभारी जेल थाना, का0 दीपेन्द्र सिंह, रि0का0 आकाश कुमार कनौजिया, रि0म0का0 223 रेखा थाना नवाबाद झाँसी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here