75 किमी प्रति घंटे की गति से स्पीड ट्रायल

0
28

सबलगढ़ – बीरपुर खंड में नव विद्युतीकृत एवं दोहरीकृत रेल लाइन पर 25 KV AC कर्षण वितरण प्रणाली का निरीक्षण

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे झांसी मण्डल द्वारा यात्री सुविधाओं के उन्नयन एवं परिचालन सुगमता हेतु मूलभूत ढ़ांचे में विस्तार हेतु निरन्तर प्रयासरत है। इसी क्रम सबलगढ़ से बीरपुर खंड में आमान परिवर्तन उपरांत 27.4 किलोमीटर के नव निर्मित ब्रॉड गेज लाइन में 25 केवी एसी इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन प्रणाली का कार्य पूर्ण हो चुका है। इस खंड में विद्युतीकरण कार्य का निरीक्षण गुरुवार को उत्तर मध्य रेलवे के प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर जे सी एस बोरा द्वारा किया गया।

निरीक्षण के दौरान परख निरीक्षण यान एवं टावर वैगन से बिजली कर्षण प्रणाली से जुड़े विभिन्न इंस्टॉलेशन, समपार फाटक (गेट्स), स्विचिंग पॉइंट्स, खंभे, ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) वायरिंग और अन्य सभी आवश्यक उपकरणों की बारीकी से परख की गई। इस प्रक्रिया में सभी उपकरणों की कार्यकुशलता की जांच करते हुए, उन्हें आवश्यकतानुसार संचालित कर उनकी प्रभावशीलता का आकलन किया गया।

सुरक्षा मानकों की सुनिश्चितता के पश्चात् 75 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से स्पीड ट्रायल किया गया, जिससे रेल परिचालन की विश्वसनीयता और संरक्षा की पुष्टि की जा सके।

सबलगढ़-बीरपुर खंड में इलेक्ट्रिक ट्रैक्शन की शुरुआत से न केवल रेलगाड़ियों की गति में वृद्धि होगी, बल्कि परिचालन लागत में भी कमी आएगी, जिससे यात्रियों को बेहतर सेवाएँ मिल सकेंगी। इससे ग्वालियर – श्योपुर कलां खंड में परिचालन सुगम होगा। यात्रियों के लिए ग्वालियर जाना अधिक सुलभ हो जाएगा।

इस महत्वपूर्ण निरीक्षण के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी एवं रेलवे स्टाफ उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) पी. पी. शर्मा, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर / सामान्य ए.पी. गौतम, वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर / टीआरडी सतबीर सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजिनियर/उत्तर अजय कुमार मीना, उप मुख्य इंजीनियर सुधीर कुमार सहित निर्माण अन्य अधिकारी एवं तकनीकी स्टाफ, निरीक्षक तथा पर्यवेक्षक उपस्थित रहे I

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here