शिवपुरी मार्ग पर झटके के साथ लग्जरी बस धू-धू कर जली, सवारियां सकुशल 

0
118

झांसी। शिवपुरी राजमार्ग पर देर रात लगभग दो बजे थाना सीपरी बाजार क्षेत्र अंतर्गत पहूज नदी के निकट सवारियां लेकर कानपुर से उज्जैन, रतलाम जा रही शताब्दी ट्रेवल्स की बस में आग लग गई। चालक और क्लीनर ने आनन-फानन में सो रही सवारियों को जगा कर बस से बाहर निकलवाया जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, किंतु सवारियों का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया है। । सूचना मिलने पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने बस में लगी आग को बुझाया।

दरअसल, कानपुर से उज्जैन, रतलाम जा रही शताब्दी ट्रेवल्स की लग्जरी बस देर रात शिवपुरी की ओर जा रही थी। रात करीब दो बजे बस जैसे ही थाना सीपरी बाजार क्षेत्र से पहुंज नहर के पास ओवर ब्रिज पर पहुंची। तभी ब्रेकर पर झटका लगने पर अचानक बस की लाइटें बंद हो गई। इस दौरान रात अधिक रात होने से बस में सवार सवारियां अपनी अपनी सीटों पर सो रही थी।

लाइट बंद होने पर चालक ने बस को रोक दिया। इसके बाद क्लीनर अनिल भदौरिया ने लाइट बंद होने का कारण जानने को बैटरी बॉक्स खोला तो उसमें से धुंआ निकलते दिखाई दिया। जब तक क्लीनर और चालक कुछ समझ पाते धुआं आग के गोले में तब्दील हो गया।  देखते ही देखते आग की लपटें धीरे धीरे पूरी बस को चपेट में लेने लगीं।

खतरा भांप कर क्लीनर और चालक ने शोर मचाते हुए सवारियों को नींद से जगाकर बस से बाहर निकलने को कहा और आसपास में पड़ी बालू मिट्टी से आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग इतनी भयंकर थी कि बढ़ते बढ़ते बस को पूरा चपेट लिया। उधर, बस में मौजूद यात्री सामान छोड़ कर सुरक्षित बस के दरवाजे से बाहर निकल आए।

इधर सूचना मिलने पर फायर बिग्रेड सहित क्षेत्राधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। अग्निशमन दस्ते ने किसी प्रकार आग को काबू में किया गया। आग पर काबू पाये जाने तक बस और बस में यात्रियों का रखा सामान जल गया। इसके बाद पुलिस प्रशासन के सहयोग से दूसरी बस मंगवा कर यात्रियों को उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया।

तारों में शार्ट सर्किट से लगी आग 

बस चालक कमलेश कुमार ने बताया कि लखनऊ से चल कर रात करीब 1 बजे के बाद बस झांसी पहुंची थी। यहां से दो सवारियों को बैठाना था। सवारियां लेकर बस शिवपुरी की ओर रवाना हो गई। इसी दौरान सीपरी बाजार पहूज नदी फ्लाईओवर पर चढ़ते समय स्पीड ब्रेकर पर बस में तेज झटका लगा और अचानक लाइट बंद हो गई थी। उसने तुरंत बस रोककर जांच की। इस दौरान पता चला कि तारों में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई है।

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here