झांसी। जिले के नवाबाद थाना क्षेत्र में सिविल लाइंस में राय आपार्टमेंट की छटवीं मंजिल से गत रात्रि में एक युवक गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। वह किन परिस्थितियों के चलते छटवीं मंजिल से गिरा जांच का विषय है।

झांसी के ग्वालियर मार्ग स्थित अंसल कालौनी निवासी करीब 30 वर्षीय महेन्द्र कुशवाहा 4 भाईयों में सबसे छोटा था। वह अविवाहित भी था। भाई मुकेश अनुसार महेन्द्र लगभग 10-12 वर्ष से सिविल लाइंस में डीआईजी बंगले के पास स्थित राय आपर्टमेंट में काम करता था और वहीं रहता था।

गत देर रात्रि अचानक वह आपर्टमेंट की छटवीं मंजिल से एक प्लाट में गिर गया। इसकी सूचना थाने की पुलिस और उसके परिजनों को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे आनन-फानन में उपचार के लिए झांसी मेडिकल कालेज लाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चर्चा है कि गिरने से पहले वह फोन पर किसी से बातचीत कर रहा था। वह किससे बात कर रहा था और छटवी मंजिल पर क्या कर रहा था व कैसे गिरा। ऐसे ही कई सवाल हैं जिनके जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।