झांसी। आय से अधिक संपत्ति के मामले में आगरा में एल आई यू (स्थानीय अभिसूचना इकाई) में तैनात मुख्य आरक्षी दीपक सिंह सेंगर के खिलाफ शहर कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने मुकदमा दर्ज कराया है। जांच में मुख्य आरक्षी के पास 63 लाख 97 हजार रुपये की संपत्ति अधिक पाई गई है।

झांसी के नवाबाद थाना क्षेत्र के महाराणा प्रताप नगर निवासी दीपक सिंह सेंगर आगरा में स्थानीय अभिसूचना इकाई में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन को उसके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की गोपनीय शिकायत मिली थी। संगठन के मुख्यालय ने इसकी जांच एंटी करप्शन बरेली के इंस्पेक्टर इश्तियाक वारसी को सौंपी थी। जांच पड़ताल में मुख्य आरक्षी की एक जनवरी 2013 से 31 दिसंबर 2021 के बीच 93,88,262 रुपये की आय सामने आई। जबकि, इसी अवधि में मुख्य आरक्षी ने 1,57,85,262 रुपये व्यय किए। आय के मुकाबले 63,97,101 व्यय अधिक पाया गया। जो मुख्य आरक्षी की आय से 68.13 प्रतिशत अधिक रहा। इस पर दीपक सिंह सेंगर से जवाब मांगा गया था। लेकिन, वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इस पर एंटी करप्शन बरेली के इंस्पेक्टर इश्तियाक वारसी की तहरीर पर शहर कोतवाली में मुख्य आरक्षी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

गौरतलब है कि दीपक सेंगर के खिलाफ जब जांच शुरू की गई थी, तब वह झांसी में एंटी करप्शन में तैनात था। इसके अलावा वह झांसी में कई थानों में भी तैनात रह चुका है। जमीनों के कारोबार में भी आरोपी का नाम सामने आता रहता है। उसने इलाइट टाकीज के पास अपना ऑफिस भी बना रखा है।