हाथों की मेंहदी भी नहीं छूटी और 13 साल की दुल्हन ने मायके में खाया जहर

0
163
Oplus_16908288

26 दिन पहले हुई थी शादी, आत्महत्या का कारण रहस्यमय 

झांसी। जिले के कटेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कचनेव में पति के साथ मायके आई एक नाबालिग दुल्हन ने शादी के 26 दिन बाद ही जहर खा लिया, हालत बिगड़ी तो उसने ज़हर खाने की जानकारी अपनी मां को दे दी पर यह नहीं बताया कि क्यों ज़हर खा लिया। इसके बाद परिजन उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

दरअसल, कचनेव गांव निवासी संतराम ने अपनी बड़ी बेटी की शादी मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के ननवारा गांव में की थी। बड़ी बेटी की ससुराल में आने-जाने के दौरान उनकी दूसरी नाबालिग बेटी रोहिणी के वहां के 18 वर्षीय रसिया केवट से प्रेम संबंध हो गये। इसके चलते रोहिणी ने रसिया केवट से शादी करने की जिद पकड़ ली। इसका रोहिणी की मां और बड़ी बहन ने विरोध किया था, लेकिन बेटी की जिद के आगे परिवार झुक गया।

इसके बाद 30 अप्रैल को लगभग 13 वर्षीय रोहिणी की शादी रसिया (18) से करा दी गई। शादी के बाद रोहिणी रविवार को अपने पति रसिया के साथ मायके आई थी। सोमवार को गांव में रामलीला और भंडारे का आयोजन था। परिवार के अन्य लोग कार्यक्रम में गए हुए थे, जबकि रोहिणी और उसका पति रामलीला देखने जाने को घर पर तैयार हो रहे थे। संभवतः इसी दौरान रात करीब 8 बजे रोहिणी ने जहरीली दवा खा ली। कुछ देर बाद उसने पति से रामलीला चलने की बात कही। दोनों घर से थोड़ी दूर ही पहुंचे थे कि रोहिणी की हालत बिगड़ने लगी। वह दर्द से तड़पते हुए भागकर मां के पास पहुंची और बोली- “मम्मी, मैंने दवाई खा ली।” यह सुनकर परिवार में अफरा-तफरी मच गई।

परिजन तत्काल उसे लेकर बंगरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान रोहणी की मंगलवार को मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। गांव में नाबालिग रोहणी की मौत और कम उम्र में हुई शादी को लेकर गांव में चर्चा बनी हुई है।

रोहिणी की मौत के बाद परिजनों ने शुरुआत में पुलिस और लोगों को बताया कि उसकी उम्र 18 साल थी। लेकिन पुलिस की कागजी कार्रवाई के दौरान जब रोहिणी का आधार कार्ड सामने आया तो सच्चाई खुल गई। आधार कार्ड के मुताबिक, रोहिणी की उम्र शादी के समय 13 साल 3 महीने 26 दिन थी। परिजन नाबालिग की शादी कराने से कार्रवाई के डर से उसकी सही उम्र नहीं बता रहे थे।

फिलहाल रोहणी ने क्यों ज़हर खाया स्पष्ट नहीं हो पाया है। पति रसिया ने बताया- पत्नी के पिता की एक साल पहले मौत हो गई थी। इसी बात से वह तनाव में रहती थी। रोहिणी कई बार उससे बोलती थी कि पापा की याद आ रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here