शादीशुदा प्रेमी ने एक हजार किमी दूर से आई प्रेमिका का गला घोंट कर शव पहूज नदी में फेंका

0
251
Oplus_16908288

दतिया मप्र संवाद सूत्र। दतिया के पंडोखर थाना क्षेत्र में पहूज नदी में मिले अज्ञात महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने 48 घंटे में सुलझा ली। जांच में पता चला कि सूरत से दतिया आई युवती को उसके शादीशुदा प्रेमी बंटी दोहरे ने शादी का दबाव बनाने से रिश्तों में आई कड़वाहट के चलते चुन्नी से गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को पहूज नदी में फेंक दिया था। पंडोखर थाना पुलिस ने इस अंधे कत्ल का पर्दाफाश कर आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

दरअसल, नदी में मिले महिला के शव की पहुचान उसके दाहिने हाथ पर गुदे टैटू ‘मां’ से हुई। इसी निशान को आधार बनाकर पुलिस ने विभिन्न राज्यों से संपर्क साधा और शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद पड़ताल शुरू की। पुलिस ने हत्या के आरोप में इंदरगढ़ क्षेत्र के मैथाना पाली निवासी बंटी दोहरे को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि महिला उस पर शादी का दबाव बना रही थी और लगातार ब्लैकमेल कर रही थी, जिससे परेशान होकर उसने उसकी हत्या कर शव को पहूज नदी में फेंक दिया था।

सूरत की फैक्ट्री में हुई थी दोनों की पहचान

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बंटी दोहरे करीब पांच साल पहले सुरत की एक फैक्ट्री में काम करता था। वहीं उसकी पहचान जौनपुर निवासी राधिका से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। महिला दो बच्चों की मां थी और पति से अलग रह रही थी, जबकि आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसकी कोई संतान नहीं है।

शादी का दबाव बनाकर कर रही थी ब्लैकमेल

करीब डेढ़ साल पहले आरोपी दतिया लौट आया था, लेकिन महिला लगातार उससे संपर्क में थी। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला आरोपी पर पत्नी को छोड़कर शादी करने का दबाव बना रही थी। इतना ही नहीं, उसने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर आरोपी की पत्नी को अश्लील मैसेज और धमकियां भी भेजीं, जिसकी शिकायत पहले ही भांडेर थाने में दर्ज कराई जा चुकी थी।

मोबाइल में मिले आपत्तिजनक वीडियो

घटना वाले दिन 23 मई को महिला सूरत से दतिया पहुंची। यहां उसे जानकारी मिली कि आरोपी पंडोखर में है, जिसके बाद वह उससे मिलने पहुंच गई। दोनों पहूज नदी के पुराने पुल के पास पहुंचे, जहां मोबाइल को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोपी ने महिला के मोबाइल में अपनी पत्नी से जुड़े आपत्तिजनक वीडियो और फर्जी आईडी देखी। इसी दौरान महिला ने शादी नहीं करने पर बदनाम करने और फंसाने की धमकी दी।

चुन्नी से गला घोंटकर नदी में फेंका शव

पुलिस के अनुसार, गुस्से में आरोपी ने महिला की चुन्नी से उसका गला घोंट दिया। महिला बेहोश हो गई तो आरोपी ने उसे पुल से नीचे नदी में फेंक दिया, जिससे डूबने से उसकी मौत हो गई। बाद में आरोपी ने महिला के दोनों मोबाइल भी तोड़कर नदी में फेंक दिए।

25 मई को मिला था महिला का शव

25 मई को ग्रामीणों ने नदी में महिला का शव उतराता हुआ देखा था। सूचना पर पंडोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल, साइबर सेल व फिंगर प्रिंट टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महिला की पहचान हुई और आरोपी तक पुलिस पहुंच गई।आरोपी की निशानदेही पर महिला का बैग और घटना के समय पहने कपड़े भी बरामद किए गए हैं। एसपी मयूर खंडेलवाल ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here