अभियुक्तों के कब्जे से मोबाइल फोन, नगदी एवं कार बरामद
झांसी। जनपद में आन लाइन सट्टा सिंडिकेट के विरुद्ध झांसी पुलिस द्वारा की जा रही प्रभावी कार्यवाही के क्रम में बुधवार को थाना नवाबाद पुलिस द्वारा आन लाइन सट्टा गिरोह से संबंधित 25,000 रुपये के इनामिया वांछित अभियुक्त सत्येन्द्र यादव निवासी भगवन्तपुरा थाना सदर बाजार एवं शिवा यादव निवासी ग्राम मैरी थाना नवाबाद जनपद को उस समय गिरफ्तार किया गया जब वह पुलिस की गाड़ी में टक्कर मार कर भाग रहे थे।
27 मई को थाना नवाबाद पुलिस द्वारा झाँसी-कानपुर हाईवे से ग्राम मुस्तरा जाने वाले कच्चे रास्ते पर लगभग 400-500 मीटर आगे, रास्ते के चौराहे के पास, चौकी क्षेत्र बजरंग कॉलोनी अंतर्गत चेकिंग की जा रही थी तभी सत्येन्द्र यादव पुत्र मुन्नालाल यादव निवासी भगवन्तपुरा थाना सदर बाजार जनपद झाँसी जो 25,000/- रुपये का इनामिया वांछित अभियुक्त है तथा शिवा यादव पुत्र गजराज सिंह यादव निवासी ग्राम मैरी थाना नवाबाद द्वारा पुलिस गिरफ्तारी से बचने एवं जान से मारने की नियत से अपनी टाटा नेक्सोन कार संख्या यूपी 93 सीएच 7352 रंग सफेद से पुलिस पार्टी के वाहन में टक्कर मार दी गई।
पुलिस टीम द्वारा तत्परता का परिचय देते हुए दोनों अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्तगण के कब्जे से 04 अदद मोबाइल फोन, 10,800/- रुपये नगद एवं एक अदद टाटा नेक्सोन कार संख्या यूपी 93 सीएच 7352 रंग सफेद बरामद की गई। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना नवाबाद पर आवश्यक विधिक कार्यवाही की गई। तत्पश्चात अभियुक्तगण को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।














