झांसी। वर्ष 2018 में झांसी मंडल पर नवनियुक्त एवं स्थानांतरण पर पदस्थ हुए रेल कर्मचारियों को मकान किराया भत्ता भुगतान रोक कर रेल आवास आवंटन हेतु पंजीयन की शर्त पर अनिवार्य नीति रेलवे के दोनों मान्यता प्राप्त संगठनों के सहयोग से लागू की थी, परिणाम स्वरुप अगस्त 2018 से दिसंबर 2018 तक का मकान किराया भत्ता का भुगतान नहीं किया गया था।

इसको लेकर उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ, झांसी मंडल ने सहायक श्रम आयुक्त (केंद्रीय) के समक्ष प्रकरण प्रस्तुत किया तथा रेल प्रशासन के अपने आदेशों को वापस लेकर जनवरी 2019 से मकान किराया भत्ता का भुगतान करवाया था जबकि रेलवे प्रशासन ने बीच की अवधि का एरियर भुगतान करने से इनकार कर दिया था तब यूएमआरकेएस के तत्कालीन शाखा अध्यक्ष एवं अन्य साथियों ने कैट प्रयागराज के समक्ष बाद दायर किया था जिसे स्वीकार करते हुए कैट ने 27 दिसम्बर 2023 को कर्मचारियों को एरियर भुगतान करने के आदेश दिए हैं। इसका वाद संख्या 464/2021 है।

फिलहाल अभी यह लाभ उन्ही कर्मचारियों को मिलेगा जो उक्त वाद में शामिल थे। इसको आधार बनाकर ही उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ अन्य बकाया कर्मचारियों के लिए भी संघर्ष करेगा।

उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ के प्रयासों से ही यह सफलता संभव हुई है। जिन कर्मचारियों का एरियर लंबित है उनको एरियर भुगतान करने के लिए झांसी का मंडल रेल प्रशासन कार्रवाई करेगा। कैट द्वारा 3 महीने में भुगतान करने के आदेश दिया है। यह जानकारी उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ के झांसी मंडल मंत्री ए के शुक्ला ने दी जिससे लाभान्वित होने वाले सभी रेल कर्मचारी उत्साहित है।