झांसी। जिले के टहरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत धवारी में पानी लगाने गये 20 वर्षीय युवक का शव खेत में संदिग्ध अवस्था में मिला। मृतक के शरीर के पिछले हिस्से पर चोटों के निशान होने के कारण परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

थाना टहरौली अंतर्गत ग्राम धवारी निवासी 22 वर्षीय मानवेन्द्र गत रात्रि में फसल में पानी लगाने के लिए खेत पर गया हुआ था। परिजनों के अनुसार खेत पर जाने से पहले उसका गांव के कुछ लोगों से पैर छूने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया था कि मारपीट कर उसे धमकाया गया था।

आज सुबह परिजनों को पता चला कि मानवेन्द्र का शव खेत पर पड़ा हुआ है। मौके पर जाकर देखा तो उसके शरीर के पिछले हिस्से पर चोटों के निशान है। चोटों को देखकर परिजनों झगड़ा करने वालों पर उसे मारने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, सीओ टहरौली अजय कुमार पुलिस बल और फोरेंसिक की टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम ने मौका मुआयना कर साक्ष्य एकत्र किये। घटनास्थल पर मृतक के कपड़े इधर उधर बिखरे मिले। पुलिस को मृतक के शरीर पर चोटो के निशान और उसकी पीठ पर घसीटे जाने के निशान भी दिखायी दिये ,जिसके बाद पुलिस भी पूरे मामले को संदिग्ध मान रही है। एसपी सिटी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गयी है। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान हैं इसलिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पायेगी। उधर पुलिस ने परिजनों ने जिन पर संदेह जाहिर किया उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।