UPSC की तैयारी में सफलता नहीं मिलने से था हताश

झांसी। आरपीएफ में सब इंस्पेक्टर के इकलौते पुत्र ने घर की छत से छलांग लगा कर आत्महत्या कर ली। वह यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। इकलौते चिराग के बुझ जाने से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र की चित्रकूट कॉलोनी निवासी मनोज कुमार रजक फिरोजाबाद में आरपीएफ में सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं। उनका इकलौता पुत्र मयूर रजक (26) झांसी में रह कर पिछले कई सालों से संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी कर रहा था, लेकिन उसके हाथ लगातार असफलता लग रही थी। पिछले तीन बार से वह कुछ एक नंबरों से पीछे रह जा रहा था। इससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था।

बीती रात 2.40 बजे उसने अपने घर की चौथी मंजिल पर जाकर पहले अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाई और उसके बाद छत से कूद गया। इसकी भनक घर में सो रही मां को नहीं लग पाई। तकरीबन सवा तीन बजे पड़ोस में रहने वाला सिपाही ड्यूटी के लिए निकल रहा था। उसने सड़क पर पड़े मयूर को देखा। सूचना पर सीपरी थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद मां को बेटे के आत्महत्या करने की जानकारी हो पाई।

पुलिस के अनुसार मयूर के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने लिखा है कि आत्महत्या के सौ से ज्यादा कारण हो सकते हैं। इसमें किसी का दोष नहीं है। इसके लिए किसी को परेशान न किया जाए। विधि-विधान से उसका अंतिम संस्कार किया जाए और अस्थियां गंगा जी के उद्गम स्थल पर प्रवाहित की जाएं। इकलौते बेटे की मौत के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोककर बुरा हाल बना हुआ है। मयूर की बहन आकांक्षा बेंगलुरु में रहकर पीएचडी कर रही है।