झांसी । जिले के कटेरा थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह खेत में पूर्व पार्षद के रक्त रंजित शव प्रकरण का पुलिस ने 24 घंटे में खुलासा कर दो हत्यारोपी गिरफ्तार कर लिए हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पूर्व पार्षद उनकी बीवियों पर जादू-टोना करता था इसलिए वे और उनकी पत्नियां परेशान रहती थीं.श। इसी से तंग आकर उन्होंने वारदात को अंजाम दिया।

एसपी ग्रामीण गोपीनाथ सोनी ने बताया कि कटेरा थाना क्षेत्र के पुखरया खिरक गांव निवासी 32 वर्षीय महेश का शव सोमवार को खेत में मिला था। वह 10 वर्ष पहले नगर पंचायत में पार्षद भी रह चुका था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। इस मामले में मृतक महेश के छोटे भाई ने 4 लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी। पुलिस ने 302 का मुकदमा दर्ज कर चार लोगों को हिरासत में लिया इनमें से दो लोग वारदात में शामिल रहे आरोपियों के परिवार से थे। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दो आरोपी खेमचंद और उसके सगे भाई हरिसिंह को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने महेश की हत्या करने का जुर्म स्वीकार कर लिया।

दोनों ने पूछताछ में बताया कि दोनों की बीवियां देवरानी और जेठानी हैं। महेश जादू-टोना करता था और तंत्र मंत्र के बूते उसने दोनों को वश में कर रखा था। इस बारे में कई बार महेश को समझाया गया था, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा था। इतना ही नहीं बीवियों के मायके में भी महेश की दखल बढ़ चुकी थी। इसी से परेशान होकर महेश से हमेशा से छुटकारा पाने के लिए उन्होंने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।

हमेशा की तरह महेश रविवार रात में खेत पर फसल की रखवाली करने गया था। इस दौरान पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। महेश के भाई धर्मेंद्र ने बताया कि सोमवार की सुबह लाश मिली थी। उसका कान और गला भी कटा हुआ था। दो वर्ष पहले महेश की पत्नी ने भी आत्महत्या कर ली थी। महेश की एक 3 वर्ष की बेटी भी है। एसपी ग्रामीण ने बताया कि आरोपियों पर कार्रवाई की जा रही है।