झांसी पहुंचे धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के स्वागत, आशीर्वाद के लिए उमड़े भक्त
झांसी। उत्तराखंड में बद्रीनाथ में तपस्या कर लौटे बागेश्वरधाम के पीठाधीश पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने झांसी में जगत गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर की गई टिप्पणी ‘साधु बुलडोजर नहीं चलाते’ पर कहा कि साधना करने वाले भी साधु हैं और विश्व कल्याण, विश्व की शान्ति व लोगों को बचाने के लिए बुलडोजर चलाने वाला भी साधु है।
उत्तराखंड बद्री नाथ से अपनी कथा समाप्त कर आज ट्रेन से झांसी रेलवे स्टेशन पहुंचे बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि अब वह ‘धर्मांतरण करवाने वालों की ठठरी बांधेंगे’। उन्होंने गाजियाबाद में सूर्या की हत्या के सवाल पर कहा कि यह हिंदुओं का दुर्भाग्य है, एक नहीं रहोगे, तो ऐसे ही घटना होती रहेगी। उन्होंने कहा सूर्य की हत्या करने वालों में न तो दया है, न प्रेम है, न ही करुणा है। उन्होंने कहा कि वह लगातार हिंदुओं को एक जुट करने का काम कर रहे है। जिस दिन हिंदू एक हो जाएगा कोई भी उनका बाल बांका नहीं कर पाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र और धर्महित सर्वोपरि हैं तथा सभी को समाज में सौहार्द और सद्भाव बनाए रखने के लिए कार्य करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि बद्री विशाल के दरबार में वह आठ वर्ष बाद गए लेकिन वहां एक अद्भुत अभूतपूर्व अनुभव रहा। अब वह झांसी आकर सीधे बालाजी महाराज बागेश्वर धाम के चरणों में जाकर जन सेवा ओर सनातनियों को जगाने का काम करेंगे। पत्रकार वार्ता के बाद वह बागेश्वर धाम के लिए रवाना हो गए। इस दौरान स्टेशन पर उनके समर्थकों सैलाब उमड़ पड़ा था, हर कोई उनका आशीर्वाद लेने के लिए जूझ रहा था।














