झांसी। कचहरी चौराहा पर किसी असमाजिक तत्व ने डॉ भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा से छेड़छाड़ कर माहौल खराब करने का प्रयास किया गया, किंतु पुलिस ने सूझबूझ का परिचय देते हुए प्रतिमा की साफ-सफाई करवा कर आक्रोशित बसपा कार्यकर्ताओं को शांत करते हुए असमाजिक तत्व के खिलाफ कार्यवाही करने का भरोसा दिलाया।

जिला मुख्यालय पर कचहरी चौराहे पर संविधान के निर्माता डॉक्टर भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा लगी हुई है। इसी प्रतिमा के चारों ओर शहर के अंदर और बाहर जाने वालों पर नजर रखने के लिए हाई सिक्योरिटी सुरक्षा कैमरे लगे हुए है। इसके बावजूद शहर का शांतिप्रिय माहौल खराब करने के उद्देश्य से किसी असमाजिक तत्व ने बाबा साहब की प्रतिमा से छेड़छाड़ करते हुए सब्जी फेंक दी और उनका चश्मा गायब कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही बसपा के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और अक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस को सूचना दी।

सूचना पर पहुंची नवाबाद पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए प्रतिमा को पानी से साफ कराकर माहौल शांत कराया। इधर असमाजिक तत्व के खिलाफ कार्यवाही और उसकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे लोगों को शांत करते हुए पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी और कार्यवाही करने का भरोसा दिया।