झांसी। कथित दुर्घटना में घायल युवक ने लगभग एक सप्ताह तक मौत से जूझते हुए मेडिकल कालेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की मां ने बेटे की हत्या का संदेह व्यक्त करते हुए उसकी प्रेमिका व बहनोई पर आरोप लगाया है।
मृतक जनपद में सीपरी बाजार थानान्तर्गत काशीराम कालोनी निवासी 21 वर्षीय गगन सहारिया है। मृतक की दिव्यांग मां सुमन ने बताया कि गगन दो भाई थे। एक भाई की काफी समय पहल छत से गिरने के कारण मौत हो गई थी। उसका पति उसे छोड़कर चला गया था इसलिए उसका एक मात्र सहारा गगन ही था। गगन मिनर्वा चौराहे पर स्थित एक मेडिकल स्टोर पर काम करता था। उसके पड़ोस में रहने वाले एक गनेश ने करीब दो माह पहले लोडर गाड़ी खरीदी थी। जिस पर चलने के लिए उसने गगन को राजी कर लिया था। पिछले मंगलवार को गनेश अपने साथ गगन को ललितपुर की बोल कर ले गया था। रास्ते में बबीना थानान्तर्गत बीएचईएल चौकी क्षेत्र में लोडर पलटने से गगन गम्भीर रुप से घायल हो गया था, जबकि गनेश सुरक्षित था। घायल गगन को उपचार के लिए झांसी मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मां का कहना है कि उसका बेटा गगन पड़ोस में रहने वाले गनेश की साली से प्यार करता था। दोनों शादी करने के लिए तैयार हो गए थे। लेकिन लड़की की मां इसका विरोध करती थी। उसने शादी करने से इंकार कर दिया। जिस पर उसने अपने लड़के गगन को समझाया और दूसरी जगह शादी तय कर दी। अभी कुछ दिन बाद उसकी ओरछा मंदिर से शादी होनी थी। इसी बीच लड़की ने उसके बेटे गगन को सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर मैसेज के माध्यम से धमकी दी। आशंका है कि इस हादसे में उक्त लड़की और उसके जीजा का हांथ है।