झांसी। जिले के चिरगांव थाना क्षेत्र में विवाह के 2 महीने बाद ही युवती द्वारा मायके में आत्महत्या कर लिए जाने से सनसनी फ़ैल गई है। मृतका को 3 दिन बाद ससुराल जाना था, लेकिन वह ससुराल नहीं जाना चाहती थी। माता-पिता घर के बाहर गए तो उसने कमरे को अंदर से बंद करके फांसी लगा ली। युवती की मौत पहेली बनी हुई है।

जनपद के थाना चिरगांव क्षेत्र के छिरौना गांव निवासी लखन लाल साहू ने बताया कि उसकी भतीजी भारती (22) की शादी 7 दिसंबर 2023 को चिरगांव निवासी दीपक साहू से हुई थी। दीपक कलेक्ट्रेट में संविदा पर कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात है। शादी के बाद कुछ दिन ससुराल में रुकने के बाद भारती अपने मायके आ गई थी। उसे 21 फरवरी को दूसरी बार ससुराल जाना था। लेकिन वो ससुराल जाने से मना कर रही थी। जब उसे समझाया तो वह जाने के लिए तैयार हो गई थी, किंतु उसके मन में क्या चल रहा था कोई समझ नहीं पाया।

मृतका के पिता संतोष साहू ने बताया कि उसकी पत्नी अपने मायके गई थी। घर पर वह और बेटी भारती व छोटा बेटा था। शनिवार को बेटा झांसी चला गया और वह खेत पर गया था। जब घर लौटा तो कमरा अंदर से बंद था। उसने दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया, किंतु भारती ने जब दरवाजा नहीं खोला तो किसी अनहोनी की आशंका से खिड़की से देखा तो भारती कमरे के अंदर रस्सी से से लटकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह दरवाजा खोला और शव को नीचे उतारा। पुलिस ने कमरे से भारती की कॉपी और मोबाइल फोन कब्जे में ले लिया है। इनसे भारती के आत्महत्या करने की कहानी उजागर होगी।

इस घटना क्रम से परिवार में मातम पसरा हुआ है। हर कोई भारती की मौत की पहेली में उलझा हुआ है। बताया गया है कि मृतका भारती 4 भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उससे छोटी दो बहन और एक भाई पढ़ाई कर रहे हैं। पिता खेती किसानी करते हैं। पुलिस द्वारा भारती के सुसाइड के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।