झांसी। जिले के चिरगांव थाना क्षेत्र के नांदखास मौजे में बेतवा प्रखंड नहर में सोमवार को साथियों के साथ नहाने गया एक युवक डूबकर लापता हो गया। परिजन व पुलिस गोताखोरों के साथ उसे नहर में ढूंढने में जुटे रहे। 24 घंटों तक कड़ी मशक्कत करने के बाद उसकी लाश बरामद हुई।

ग्राम सेमरी निवासी 25 बर्षीय जरदान सिंह अहिरवार पुत्र लक्ष्मी नारायण अहिरवार अपने ही मोहल्ले के कुछ लोगों के साथ बेतवा नहर में नहाने गया था। उसके साथ जीतू पुत्र बेनी प्रसाद, साहब सिंह पुत्र चरन सिंह, प्रदुम गोरखपुर, नितिन के साथ कुछ रिश्तेदार भी साथ नहाने आए थे। घटना के बारे में जीतू ने बताया कि उसके छोटे भाई राजकुमार की शादी है, जिसकी बीते कल बारात जानी थी। घर में काफी रिश्तेदार थे, जिससे नहाने के लिए जगह कम थी तो वह लोग नहर में नहाने चले तो साथ में जरदान सिंह भी आ गया।

नहर में नहाते समय सभी ने जरदान को काफी रोका पर वह किसी की नहीं माना और नहर में कूद गया, वह शराब के नशे में था। नहर में वह तैरते-तैरते तेज धार तक पहुंचा और डूब कर लापता हो गया। इस सभी लोगों ने उसे नहर में आसपास देखा परंतु वह फिर नहीं दिखा, तब इसकी सूचना उनके परिजनों को दी। परिजनों ने शीघ्र पीआरबी पुलिस को सूचना दी। जिस पर डायल एक सौ बारह गाड़ी व चिरगांव पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और काफी खोजबीन की परंतु उसका कुछ अता-पता नहीं चल रहा था।

इस दौरान चिरगांव थाना प्रभारी तुलसीराम पांडेय भी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और युवक की छानबीन करने हेतु गोताखोरों को बुलाकर उसकी खोजबीन करने में जुट गए। जरदान सिंह के बड़े भाई मनमोहन सिंह ने साथियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि उसका भाई कभी नहर में नहाने नहीं जाया करता था। इसे किसी षड्यंत्र के तहत लाया गया और उसे नहर में डुबा दिया गया। इधर, दोपहर से रात और रात से सुबह 24 घंटे बीत गए और मंगलवार दोपहर करीब 1:00 बजे नहर के पुल से 200 मीटर आगे जरदान का शव बरामद हुआ। शव देख परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि जरदान सिंह की शादी हो चुकी थी। उसकी एक चार बर्ष का बेटा व दो बर्ष की बेटी है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।