जिसकी तलाश में पुलिस चकरघिन्नी बनी वह स्वयं चौकी पहुंच गयी

0
125

झांसी। जिस लापता महिला की तलाश में पुलिस 15 दिनों से चकरघिन्नी बनी हुई थी वह अचानक स्वयं पुलिस के पास पहुंच गयी। उसने अपने पति के साथ रहने से साफ मना कर दिया और पिता के साथ मायके चली गई। वह व्यूटी पार्लर पर काम करने की कहकर घर से निकली थी ।

थाना प्रेमनगर क्षेत्र अन्तर्गत राजगढ़ के मजार मुहल्ला से 16 मई 2026 को सुबह लगभग 10 बजे 30 वर्षीय शादीशुदा महिला परिजनों से व्यूटी पार्लर पर काम करने जाने की कह कर घर निकली लेकिन देर शाम घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने फोन पर संपर्क करने की कोशिश की लेकिन फ़ोन बंद होने से बात नहीं हो सकी।

इसके बाद परेशान महिला की ससुराल और मायके पक्ष ने चौकी बिजौली पुलिस को सूचना दी और महिला का पता लगाने की गुहार लगाई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। पुलिस की जांच पड़ताल के चलते परिजनों द्वारा लगातार पुलिस पर लापता महिला को बरामद करने का दवाव बनाया जाने लगा।

पुलिस द्वारा महिला की तलाश की जा रही थी कि अचानक 3 जून बुधवार को लापता महिला अचानक बिजौली पुलिस चौकी पहुंच गई। इस पर पुलिस ने परिजनों को सूचना दी जिसके बाद उक्त महिला के ससुराल और मायके पक्ष के लोग पुलिस चौकी पहुंच गए। पुलिस को पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि वह घर में रोजाना कलह से परेशान होकर वृन्दावन के एक मंदिर परिसर में बने आश्रम में रही।

महिला ने परिजनों की मौजूदगी में पति के साथ रहने से साफ इंकार कर दिया और बताया कि वह पिताजी के साथ रहेगी। जिसके बाद वह अपने मायके चली गई। इस मामले में कोतवाली थाना क्षेत्र के पंचवटी कालौनी निवासी जुगल किशोर ने बीती 17 मई को लिखित तहरीर दी थी कि उसकी 30 वर्षीय पुत्री अपनी ससुराल राजगढ़ मजार मुहल्ला से अचानक गायब हो गई जिसके आधार पर महिला की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here