घटना सीसीटीवी कैमरे में क़ैद, पुलिस जुटी तलाश में

झांसी । शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सराफा बाजार में शिव ज्वैलर्स की दुकान पर बुर्के वाली चोरनी ने आभूषण खरीदने के बहाने बड़ी ही सफाई से एक महिला ग्राहक के पर्स से लगभग 50 हजार रुपए कीमत की ज्वैलरी गायब कर दी और रफूचक्कर हो गई। चोरनी की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस तलाश कर रही है।

17 फरवरी की इस घटना की शिकायत दुकानदार आलोक वर्मा ने कोतवाली पुलिस से की है। दुकानदार ने बताया इसके पहले भी बुर्का पहने महिलायें चोरी की वारदात को अंजाम दे चुकी हैं। एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि मामला दर्ज क़र महिला को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

वीडियो में दिख रहा है कि शॉप पर 3 महिलाएं ज्वेलरी खरीदने बैठी हुई हैं, तभी बुर्का पहने एक महिला गहने खरीदने के बहाने आई। उसने ज्वेलर्स को अपनी बातों में उलझाया। इसी दौरान तीनों महिलाएं आपस में बात करने लगीं तभी वह धीरे से पर्स की चेन खोलती है। फिर उससे सोने का आभूषण (लटकन) निकालती है। लटकन अपने बैग में रखती है। इसके बाद दुकानदार से कहती है कि गहने पसंद नहीं आ रहे हैं। फिर बिना खरीदे चली जाती है।

थोड़ी देर बाद पीड़ित ग्राहक ने जब अपना पर्स खोला तो उन्हें घटना के बारे में पता चला। बुर्के वाली महिला को घटना अंजाम देने में सिर्फ 1.40 मिनट का वक्त लगा। घटना 17 फरवरी की है। आज वीडियो सामने आया। फिलहाल, पुलिस ने शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बोली-मुझे गहने खरीदने हैं

अलोक वर्मा की सर्राफा बाजार में शिव बाबा ज्वेलर्स के नाम से शॉप है। वे बताते हैं कि शिवाजी नगर निवासी सन्नी का परिवार हमारे पुराने कस्टमर हैं। 17 फरवरी को परिवार की स्वराज देवी समेत 3 महिलाएं गहने खरीदने आई थीं। स्वराज ने कानों के गहने (लटकन) खरीदे, जो 50 हजार रुपए के थे। उन्होंने लटकन अपने पर्स में रख लिए और दूसरी ज्वेलरी देखने लगीं। तभी एक महिला दुकान पर आती है। वह बुर्का पहने हुए थी। मुझसे बोली कि पुराने गहने बेचने हैं। मैंने खरीदने से मना कर दिया। वह दुकान से चली गई। फिर 5 मिनट बाद दोबारा से आई और हाय की पुतरिया दिखाने के लिए कहा। मैं हाय दिखाने में व्यस्त हो गया और तीनों महिलाएं बातचीत करने लगीं। तभी उसने पर्स से चेन खोलकर लटकन चुरा लिए। इसके बाद मुझसे कहा कि गहने पसंद नहीं आ रहे हैं। इसके बाद बिना कुछ खरीदे चली गई।

अलोक वर्मा ने बताया बुर्के वाली महिला के जाने के बाद स्वराज देवी ने पैसे देने के लिए पर्स खोला तो उसमें लटकन नहीं थे। इधर-उधर देखा तो पता नहीं चला। इसके बाद CCTV देखे तो चोरी का पता चला।

फुटेज के आधार पर तलाश जारी

SP सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि सर्राफा बाजार में महिला एक 50 हजार रुपए कीमत के गहने चुराए हैं। इसका सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। केस दर्ज करके फुटेज के आधार पर आरोपी महिला की तलाश की जा रही है। जल्द से जल्द उसको गिरफ्तार कर माल बरामद किया जाएगा।