दो लड़कियों ने की शादी, एक बनी दूल्हा, दूसरी दुल्हन
बिहार। इन दिनों बिहार के जमुई की एक शादी का वीडियो ट्रेंड कर रहा है। यह मामला लक्ष्मीपुर प्रखंड की दो लड़कियों की शादी का है। नजारी गांव की रहने वाली नैंसी और राखी कुमारी दोनों सहेली हैं और अब साथ रहने का फैसला कर लिया है। जब दोनों ने शादी की तो पूरे गांव में चर्चा शुरू हो गई। विवाह से पहले राखी ने जेंडर भी चेंज करा लिया था।
हिंदू रीति-रिवाज से शादी करते हुए राखी दूल्हा और नैंसी दूल्हन बनी। शादी के बाद दुल्हन नैंसी राखी के पैतृक गांव हरला पहुंची, जहां परिजनों ने दोनों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।
जानकारी के अनुसार, नैंसी और राखी बचपन से एक-दूसरे की करीबी मित्र थीं। समय के साथ दोनों की दोस्ती ऐसे प्यार में बदल गई जिसे सामाजिक मान्यता नहीं दी जा सकती। इश्क इस कदर परवान चढ़ा कि दोनों ने साथ जीने-मरने की कसम खाई। इसी दौरान, नैंसी ने बीपीएससी परीक्षा पास कर ली और टीचर बन गई। उसकी पोस्टिंग गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर मेदिनीपुर स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में हो गई।
राखी ने दिल्ली में कराया जेंडर चेंज
नौकरी मिलने के बाद नैंसी ने अपनी सहेली राखी का जेंडर चेंज करवाने का फैसला लिया। इसके लिए वह उसे दिल्ली लेकर गई, जहां चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद राखी का जेंडर ट्रांजिशन कराया गया। इसके बाद दोनों ने मलयपुर थाना क्षेत्र स्थित पतनेश्वर मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार विवाह कर लिया। जब दोनों की शादी का वीडियो सामने आया तो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किया गया।
नैंसी के घरवाले शादी को लेकर राजी नहीं भले ही राखी के परिवार ने रिश्ते पर सहमति दे दी है, लेकिन नैंसी के लिए परेशानी बनी हुई है। नैंसी का परिवार शादी के बाद से नाराज है और तनाव की स्थिति बनी हुई है। बताया जाता है कि शादी की जानकारी मिलने के बाद नैंसी के परिजन राखी के घर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों वहां से जा चुके थे। फिलहाल इस बेमेल विवाह को लेकर चर्चा का बाजार गर्म है।














