प्लेटफार्म पर हमलावर प्रेमी को जीआरपी ने पकड़ा
झांसी। ऐसा रिश्ता जिसमें प्रेम विवाह होना अनैतिक है, किंतु इसे दरकिनार कर दोनों में प्रेम संबंध हो गये और मामला इतना बढ़ गया कि दोनों घरों से भाग कर अलग आशियाना बनाने निकल पड़े। दोनों भाग कर झांसी स्टेशन पहुंच गये, किंतु यहां लड़की को अपनी ग़लती का एहसास हो गया और उसने वापस लौटने का निर्णय लिया तो भड़के प्रेमी ने प्रेमिका पर पेंचकस से हमला कर दिया जिससे लड़की के हाथ से खून निकलने लगा।
इसकी सूचना मिलने पर मुख्य गेट पर तैनात आरपीएफ व जीआरपी कर्मी मौके पर पहुंच गए और हमलावर युवक को पकड़ लिया। पूछताछ करने पर युवक ने बताया कि भोपाल का रहने वाला है और युवती होशंगाबाद में रहती है, दोनों रिश्तेदार हैं। यह नाटकीय घटनाक्रम झांसी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक चाइल्ड लाइन बूथ के निकट घटित हुआ।
पूछताछ में पता चला कि युवक-युवती प्रेम प्रसंग के कारण घर से भागकर झांसी आए थे। यहां पर युवती का मन बदल गया और उसने घर लौटने की जिद करते हुए उसके साथ जाने से मना कर दिया, इस पर दोनों में विवाद हो गया। जीआरपी ने दोनों को पकड़कर थाने ले गए और परिजनों को सूचना दे दी है।
युवक पर मामला दर्ज
जीआरपी ने बताया कि युवक व युवती प्रेम प्रसंग के कारण घर से भागे है और दोनों बालिग हैं। लड़की के परिजनों ने युवक पर मप्र के संबंधित थाने में मामला दर्ज कराया है।













