
झांसी। उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य व रसद एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज पांडे ने झांसी में समाजवादी पार्टी छोड़ कर स्वयं के भाजपा में शामिल होने के सवाल पर बताया कि जिस प्रकार विभीषण ने कई बार रावण को समझाया था कि वह सत्य के साथ चलें लेकिन बार बार समझाने पर भी रावण नहीं माना इसलिए विभीषण उन्हें छोड़ कर राम की शरण में सच के साथ चले गए थे ठीक उसी प्रकार समाजवादी पार्टी में गलत नीतियों से किनारा करने और उन्हें बार बार सही मार्ग पर चलने का कहने के बाद भी नहीं मानने पर वह राम और राष्ट्र के लिए भाजपा में शामिल हुए।
शनिवार को एमएलसी रमा आरपी निरंजन के आवास पर सम्मान समारोह में शामिल होने आए उत्तर प्रदेश सरकार के केबिनेट मंत्री मनोज पांडे ने मीडिया से रू-ब-रू होते हुए जब सपा नेतृत्व पर जबरदस्त कटाक्ष किया तो “रावण” कौन पर सवाल खड़े हो गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुछ लोग अपने व परिवार के लिए काम करते हैं और वह सत्ता से बाहर हो गए तो विपक्ष में बैठना उन्हें हजम नहीं हो रहा है। क्योंकि पहले परीक्षा, नौकरी भर्ती में पैसा लेते थे लेकिन अब भाजपा की सरकार में सब कुछ निष्पक्ष हो रहा है। उत्तर प्रदेश में आतंक का राज था 22 हजार उद्योग पलायन कर गए थे। अब माहौल बदला है कानून व्यवस्था सुधरी है इसलिए उद्योग लगाए जा रहे है और उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था का अन्य प्रदेश अनुसरण कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गांव में किसानों को उनका उचित मूल्य फसल का दिलाने का मोदी, योगी की सरकार काम कर रही बिचौलिए बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अब यूपी में बहन बेटी सुरक्षित है। अगर उनके साथ गलत होता है तो हर चौराहे पर योगी के यमराज बैठे हैं जो उन्हें लंगड़ा कर देंगे। उन्होंने यह कहा कि यूपी में 25 करोड़ की जनता है जिसमें 17 करोड़ को बिना जात पात भेद भाव के निःशुल्क राशन मिल रहा है। पूरे देश में छोटी बड़ी एक लाख सड़कें भाजपा सरकार ने बनवाई जिसमें सबसे ज्यादा एक्सप्रेस वे वाला उत्तर प्रदेश पहला राज्य बन गया है।
प्रारम्भ में केबिनेट मंत्री का एमएलसी रमा निरंजन, आरपी निरंजन सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अभिनंदन किया। इस दौरान एमएलसी रमा आरपी निरंजन, एमएलसी रामतीरथ सिंहल, एमएलसी डॉ बाबू लाल तिवारी, सदर विधायक रवि शर्मा, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, राष्ट्र भक्त संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अंचल अड़जरिया, संजीव शृंगीऋषि, मीडिया प्रभारी दीपक त्रिपाठी, भाजपा पार्षद सुशीला दुबे, गोकुल दुबे, सहित कई भाजपाई उपस्थित रहे।














