शिवानी होटल मालिक सहित आधा दर्जन के खिलाफ मुकदमा

झांसी। सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के ग्वालियर रोड शिवानी होटल तिराहे के पास देर रात आधा दर्जन लोगों ने रंजिशन चाचा भतीजे पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में भतीजे की मौत हो गई और चाचा की हालत गंभीर है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर शिवानी होटल के मालिक सहित आधा दर्जन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीपरी बाजार क्षेत्र अंतर्गत ग्वालियर रोड पर शिवानी होटल के पीछे रहने वाले गौरी शंकर के घर शुक्रवार की देर रात लाइट चली गई। लाइट को चेक करने के लिए गौरी शंकर अपने चाचा मुरारी पुत्र जगन्नाथ निवासी नई बस्ती के साथ शिवानी होटल के पास लगी डीपी के पास पहुंचे तभी वहां पहले से मौजूद होटल शिवानी के मालिक आनंद और उसके साथियों से पुरानी रंजिश को लेकर कहा सुनी हो गई।
देखते देखते कहा सुनी खूनी विवाद में बदल गई और आनंद व उसके साथियों ने तलवार, फरसा से गौरी शंकर व उसके चाचा पर हमला कर दिया। हमले में गौरी शंकर और उसका चाचा मुरारी गंभीर घायल हो गए। इसके बाद हमलावर तलवार, फरसा हवा में लहरा कर भाग गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल करते हुए घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने गौरीशंकर को मृत घोषित कर दिया।
शुक्रवार रात 12 बजे हुई इस घटनाक्रम के बारे में बेटी ने बताया कि घर के पास शिवानी होटल है। होटल के कर्मचारी मंदिर के सामने शराब पीते हैं और वहीं बाथरूम करते हैं। एक साल पहले पापा ने इसका विरोध किया था, तो होटल वालों ने मारपीट की थी। तब थाने में शिकायत की गई थी। पुलिस ने आरोपियों का धारा-151 में चालान किया था। इसके बाद आरोपी कोर्ट से छूट गए थे। इसी रंजिश में होटल मालिक ने 3 भाइयों से पिता की हत्या करवा दी।
इस मामले में एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया – मृतक गौरीशंकर की पत्नी सुमन की शिकायत पर होटल मालिक आनंद यादव, चिंगारा, रिंकू, सौरभ और 2 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।














