कार में तमंचा लहरा रील बनाई, पुलिस ने दबोचा तो हेकड़ी गिड़गिड़ाहट में बदली

0
116
Oplus_16908288

झांसी। एक मनचले को कार में खुलेआम तमंचा लहरा कर रील बनाना बहुत महंगा पड़ गया। कार में बज रहे गाने ‘मने हीरो ना बनना विलेन रहन दे…’ की धुन पर उसने तमंचा में कारतूस डाला और फिर ड्राइव कर रहे युवक पर तान दिया। इतना ही नहीं वकायदा इसका वीडियो शूट कराया और फिर रौब जमाने के लिए सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। जो वायरल होकर पुलिस तक पहुंच गया। फिर क्या था, पुलिस ने तत्परता से युवक की पहचान की और रविवार रात को उसे गिरफ्तार कर लिया तो हेकड़ी निकल गई।

पुलिस हिरासत में थाने पहुंचते ही युवक गिड़गिड़ाने लगा। कहने लगा-मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई। आज के बाद ऐसा कोई काम नहीं करूंगा। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट में केस दर्ज किया है। पूरा मामला मोठ कस्बे का है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का नाम अमित वर्मा उर्फ गोटिया पुत्र महेशचंद्र निवासी वेद नगर मोहल्ला कस्बा मोंठ है।

दरअसल कुछ दिनों पहले वह अपने दो-तीन साथियों के साथ कार से मोंठ क्षेत्र के हाइवे पर घूम रहा था। तब उसने एक वीडियो शूट कराया था। इसे रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। लगभग 10 सेकेंड के वीडियो में नजर आ रहा है कि आरोपी अमित कुमार ड्राइवर सीट के बगल वाली सीट पर बैठा है। एक हाथ में तमंचा और दूसरे में कारतूस लिए हुए है। वह तमंचा खोल कर कारतूस लोड करता है। तभी साथी युवक उसे कुछ कहता है तो कारतूस को निकाल कर तमंचा बंद कर ड्राइवर पर तान देता है। इस दौरान कार में गाना बज रहा है “मने हीरो ना बनना विलेन रहने दे…”

यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। शाम को वीडियो मोंठ पुलिस तक पहुंच गया। पुलिस ने जांच पड़ताल कर नाम पता चलने पर घर पर छापा मारा तो अमित फरार था। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई। रात को सूचना मिलने पर पुलिस ने अमित कुमार को उसी तमंचा सहित खिरिया घाट के पास गिरफ्तार कर लिया जिसको लेकर उसने वीडियो बनवाई थी।

थाने पहुंचते ही आरोपी गिड़गिड़ाने लगा। बोला- मैंने तमंचे के साथ एक वीडियो बनाई थी। जो मेरे हाथ में तमंचा है, यह वही तमंचा है तो वीडियो में नजर आ रहा है। मुझसे बहुत बड़ी गलती हो गई है, आज के बाद ऐसी कोई गलती नहीं करूंगा। इस गलती की मैं माफी मांगता हूं, आगे से ऐसा कोई काम नहीं करूंगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here