झांसी। जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में नरिया बाजार में आदर्श आचार संहिता के नाम पर चैकिंग कर रहे दो नटवरलाल कपड़ा व्यापारी के मुनीम से एक लाख रुपए लेकर रफूचक्कर हो गए। अब पुलिस ने छानबीन करते हुए सीसीटीवी कैमरे खंगलना शुरु कर दिया है।

शहर कोतवाली अंतर्गत मानिक चौक में विवेक जैन और विनय जैन की आस्था सूट के नाम से कपड़े की दुकान है। उनके यहां का मुनीम सुशील गुप्ता सुबह एक बैग में करीब डेढ़ लाख रुपए लेकर पैदल आ रहा था। इसी दौरान नरिया बाजार पर दो लोगों ने उसे रोका और परिचय पत्र दिखाते हुए कहा कि आदर्श आचार संहिता चल रही है उन्हें उसकी चैकिंग करनी है। इस पर उसने अपने मालिक से बात करते उन दोनों लोगों को बैग दिखा दिए।

इसी दौरान उसके बैग से दोनों ने एक लाख रुपए निकाल लिए। जब इसकी जानकारी उसे होती दोनों वहां निकल गए। इसके बारे में उसने अपने मालिक को इसके बारे में अवगत कराया। जिस पर इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी करते हुए छानबीन शुरु कर दी। साथ ही आस-पास लगे सीसीटीवी खंगालना शुरु कर दिया है।