झांसी। एरच थाना क्षेत्र में साधु वेशधारी ठग आभूषण व रुपए दोगुने करने का झांसा देकर महिला व उसके बेटे को बेहोश कर 30 हज़ार रुपए उड़ा कर रफूचक्कर हो गया। पुलिस ठग की तलाश में सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने में जुटी हुई है।
एरच कस्बे के मोहल्ला बाजार निवासी एक महिला के घर पर बाबा के वेष में एक ठग पहुंचा। उसने बातों का जाल बिछाते हुए महिला को जेवरात और नकदी दोगुनी करने की बात कह कर झांसे में ले लिया। ठग की बातों में आई महिला ने उसे अपने घर में अंदर आने दिया। इसके बाद उसने महिला से कहा कि घर में जितने भी जेवरात और नकदी है, ले आओ, सभी दोगुनी हो जाएगी।
ठग की बातों के जाल में फंसी महिला घर में रखे तीस हजार रुपये ले आई। इस दौरान उसका बेटा भी वहां पहुंच गया। बात करते करते ठग ने महिला और उसके बेटे को कुछ सुंघा दिया, जिससे दोनों बेसुध हो गए। इसके बाद बाबा महिला की रकम लेकर भाग गया। होश आने पर महिला को साधू बेशधारी रकम के साथ गायब मिला। काफी तलाशने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
अब पुलिस द्वारा साधू वेशधारी की तलाश के लिए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देख रही है और क्षेत्र के लोगों से पूछताछ कर रही है।














