आरपीएफ क्राइम ब्रांच व जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई
झांसी । जीआरपी व आरपीएफ क्राइम ब्रांच ने ऐसे शातिर चोर गैंग को गिरफ्तार किया है, जो रात में सफ़र के दौरान शातिराना तरीके से यात्रियों के बैग से माल निकालने के बाद पत्थर रख देते थे। इस कारण यात्रियों को शक नहीं होता था। घर पहुँचने पर बैग खोलने पर पत्थर देखकर यात्री हैरान हो जाते थे। इस तरह की तमाम शिकायतों पर की जांच पड़ताल में जुटी आरपीएफ व जीआरपी टीम ने चोर गैंग के 4 सदस्यों को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर लिया है।
दरअसल, शुक्रवार को जीआरपी व आरपीएफ क्राइम ब्रांच टीम ने झांसी ई-केबिन के पास से संदिग्ध हालात में मथुरा के थाना छाता अन्तर्गत चतुर्भुज मोहल्ला निवासी प्रेमचन्द्र, दिल्ली के थाना कल्याणपुरी निवासी अरुण जाटव, प्रवीन कुमार जाटव व दिल्ली के जमुनापार निवासी अर्जुन जाटव को पकड़ लिया। तलाशी में इनके पास से यात्रियों के चोरी के 3 मोबाइल फोन, रुपये, जेवरात व अन्य सामान बरामद कर लिया।
पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि उन्होंने महाकौशल, मंगला, समता एक्सप्रेस से यात्रियों का सामान चोरी किया था। बताया कि यह गैंग दिल्ली से रात को झांसी की तरफ आने वाली ट्रेन में सवार होते थे। इसके बाद स्लीपर कोच में यात्रियों की सीट के नीचे लेट जाते थे। यह अपने बैग में पत्थर लेकर यात्रा करते थे और मौका पाकर यात्रियों का माल चोरी करने के बाद उक्त पत्थर को यात्रियों के बैग में भर देते थे। घर जाकर यात्री को पता चलता था, लेकिन चोरी कहाँ हुई इसका पता नहीं चल पाता था।
पकड़े गये दमाशों ने कुछ और सदस्यों के नाम भी बताये हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुट गई है। टीम में आरपीएफ क्राइम विंग से निरीक्षक ओम प्रकाश, सहायक उप-निरीक्षक नवीन कुमार, तौसीफ खान, सुरेन्द्र सिंह बिष्ट व जीआरपी से उप निरीक्षक अजय कुमार, अखिलेश राय व अरविन्द कुमार शामिल रहे।
इस गिरोह द्वारा इन ट्रेन में की वारदात
24 अप्रैल को समता एक्सप्रेस से महिला का बैग चोरी किया था, जिसमें रुपये, कपड़े व जेवर रखे थे।
1 मई को समता एक्सप्रेस के जरनल कोच में यात्रा कर रहे यात्री के पर्स से 4500 रुपये निकाल लिये थे।
3 मई को महाकौशल एक्सप्रेस से यात्री का पर्स चोरी किया, जिसमें दस्तावेज, 1600 रुपये व एटीएम रखे थे।
9 मई को मंगला एक्सप्रेस से ट्रॉली उड़ाया था, जिसमें 5 हजार रुपए, ज्वैलरी आदि सामान चोरी गया था।














