झांसी। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्वालियर रोड पर सिद्धेश्वर मंदिर के पास तीन मंजिला में मकान में देर रात आग लगने से अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर बिग्रेड ने किसी प्रकार आग पर काबू पाया। लेकिन जब तक दुकान, ऑफिस और घर में रखा काफी सामान जलकर राख हो गया है। ऊपर कमरे में सो रहे परिजनों ने पड़ोसी की छत पर कूद कर आग से जान बचाई।
कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्वालियर रोड सिद्धेश्वर मंदिर के पास रहने वाले हरिकृष्ण मुखरिया की गाड़ी व्हील रिपेयरिंग की दुकान है, उसके ऊपर दो मंजिला मकान बना हुआ है, साथ ही दुकान के बगल में उनका कार्यालय खुला हुआ है। देर रात बेसमेंट से निकले धुआं के बाद आग भड़क गई जो दुकान, मकान और कार्यालय तक जा पहुंची। ऊपरी मंजिल पर सो रहे उसके पुत्र, पुत्र वधु और बच्चे आग की लपटों को देख घबरा गए, चीख पुकार सुनकर आस पास के लोग मौके पर आए और किसी प्रकार आग में घिरे लोगों ने छत से निकलते हुए पड़ोसी के घर में घुस कर जान बचाई।
सूचना पर पहुंची दमकल की गाड़ियों ने किसी प्रकार कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित हरिकृष्ण ने बताया कि इस घटना में 25 से 30 लाख के आस पास का नुकसान हुआ है, दुकान में रखे गाड़ियों के टायर, रिपेयर का सामान ओर बेसमेंट में रखी गाड़ी जलकर राख हो गई। हरिकृष्ण ने बताया कि आग लगने का कारण आशंका व्यक्त की जा रही कि बेसमेंट में रखी ओला गाड़ी चार्ज थी शायद उसी से शॉर्ट सर्किट होने से लगी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।














