झांसी। जिले के बरुआसागर में एक महिला अपने दो वर्ष के बेटे को छोड़ कर प्रेमी के रफूचक्कर हो गई। बेवफा पत्नी काफी इंतजार के बाद जब लौट कर नहीं आई तो पति ने मौत को गले लगा कर जिंदगी को अलविदा कह दिया।

जनपद में बरुआसागर थानान्तर्गत सिकरी खुर्द निवासी लगभग 27 वर्षीय सुनील यादव पुत्र सुरेश यादव खेती और मजदूरी करता था। उसका दो साल का एक बेटा है। चचेरे भाई के अनुसार करीब सुनील यादव अपने माता-पिता का एकलौता बेटा था। उसकी पत्नी की मध्य प्रदेश में निवाड़ी जिले के कुवंरपुरा में रहने वाले शख्स से दोस्ती थी। यह दोस्ती प्यार में बदल गई। करीब एक माह पहले अपने बेटे को छोड़ कर वह शौच के बहाने घर से बाहर गई थी। इसके बाद लौटकर घर नहीं आई।

खोजबीन करने पर पता चला कि वह अपने प्रेमी के साथ भाग गई। काफी इंतजार के बाद भी घर नहीं लौटी तो सुनील परेशान रहने लगा। पिछले दिनों सुनील की मां अपने नाती को लेकर रिश्तेदारी में चली गई, वह घर में अकेला था। दो दिन पहले तक उसे देखा गया था, किंतु इसके बाद वह घर के बाहर नजर नहीं आया। विगत देर शाम जब घर से बदबू आई तो उन्हें शक हुआ और आस-पास के लोगों के साथ जाकर घर में देखा तो वह फांसी पर लटक रहा था।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फांसी पर लटक रहे शव को नीचे उतारा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि पत्नी के प्रेमी के साथ भाग जाने के कारण परेशान होकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया है।